UGC NET Result 2026: 84 विषयों का रिजल्ट जारी, 4 हजार से अधिक अभ्यर्थी JRF के लिए क्वालिफाई

NTA ने जून में आयोजित UGC-NET परीक्षा के दौरान अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आने के बाद इन तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है।

UGC NET Result 2026 - फोटो : news4nation

UGC-NET : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET के 84 विषयों के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल 6.07 लाख अभ्यर्थियों में से 97 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने PhD में दाखिले के लिए पात्रता हासिल की है, जबकि 4 हजार से अधिक अभ्यर्थी जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए क्वालिफाई हुए हैं। UGC-NET का आयोजन देश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के साथ-साथ JRF के लिए उम्मीदवारों की पात्रता निर्धारित करने के लिए किया जाता है।


तीन विषयों की परीक्षा दोबारा होगी

NTA ने जून में आयोजित UGC-NET परीक्षा के दौरान अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आने के बाद इन तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। विशेषज्ञ समिति की समीक्षा में प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा से जुड़ी त्रुटियां पाई गई थीं।


NTA ने करीब दो महीने बाद 16 अगस्त को UGC-NET की आंसर की जारी की थी। इसी दिन अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों को लेकर विशेष नोटिस जारी किया गया और बाद में इन विषयों की परीक्षा नए सिरे से कराने की घोषणा की गई।


9 और 10 सितंबर को होगी री-एग्जाम

अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की दोबारा परीक्षा 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से इसके लिए कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।


NTA के अनुसार, बाकी 84 विषयों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अब अभ्यर्थी अपने परिणाम और संबंधित जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।