Bihar Education News: स्कूल में पढ़ाई या आरामगाह? ड्यूटी पर सोती मिलीं प्रिंसिपल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जमकर काटा बवाल

Bihar Education News: ग्रामीणों और छात्रों ने स्कूल की प्रधान शिक्षिका के रवैये के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ...

ड्यूटी पर सोती मिलीं प्रिंसिपल- फोटो : reporter

Bihar Education News:  ग्रामीणों और छात्रों ने स्कूल की प्रधान शिक्षिका के रवैये के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आरोप है कि स्कूल की प्रिंसिपल अनुपा सिंहा ड्यूटी के दौरान पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देने के बजाय अक्सर कुर्सी पर आराम फरमाती नजर आती हैं। इसी बात से नाराज़ ग्रामीणों और अभिभावकों का सब्र आखिरकार टूट गया और स्कूल परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। मामला वैशाली जिले के बिदूपुर प्रखंड स्थित मोहनपुर कन्या पाठशाला का है।

ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षा के मंदिर में पढ़ाई की जगह अजीबोगरीब हालात बन गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल आते हैं, तो कई बार प्रिंसिपल मैडम ड्यूटी के वक्त सोती हुई मिलती हैं। यही नहीं, उन पर यह भी आरोप है कि वे अक्सर आसपास से गुजरने वाले लोगों पर गलत आचरण का आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की धमकी देती हैं।

स्थानीय निवासी धर्मवीर कुमार ने बताया कि प्रिंसिपल का रवैया इतना सख्त और विवादित है कि लोग स्कूल के पास से गुजरने में भी डर महसूस करने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी एक युवक को सिर्फ इसलिए परेशानी झेलनी पड़ी क्योंकि वह स्कूल के पास खड़ा होकर अपने परिजन का इंतजार कर रहा था। आरोप है कि प्रिंसिपल ने पुलिस बुलाकर उसकी बाइक और मोबाइल तक जब्त करवा दिए।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि हाई स्कूल के पास स्थित सैलून में दाढ़ी बनवाने आने वाले लोगों को भी प्रिंसिपल शक की निगाह से देखती हैं। कई लोगों का दावा है कि उन पर गलत नजर से देखने का आरोप लगाकर फोटो और वीडियो बनाए जाते हैं, जिससे इलाके में तनाव और डर का माहौल बन गया है।

इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने एक और गंभीर आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव से पहले स्कूल मेंटेनेंस के लिए आई ग्रांट के नाम पर बिना काम कराए ही महिलाओं से हस्ताक्षर करवा लिए गए। महिलाओं का कहना है कि उनसे 500 रुपये लिए बिना दस्तखत नहीं करवाए गए। अब लोग इस पूरे मामले में उस रकम के स्रोत और खर्च की जांच की मांग कर रहे हैं।

इन आरोपों से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रिंसिपल अनुपा सिंहा के तत्काल स्थानांतरण की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही वीरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर माहौल शांत कराने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि अनुपा सिंहा पिछले छह महीने से इस स्कूल में तैनात हैं। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि उनके आने के बाद से ही स्कूल का माहौल बिगड़ गया है। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि शिक्षा के मंदिर में बच्चों को तालीम मिलेगी या फिर विवाद और आरोपों का सिलसिला ही चलता रहेगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार