Bihar Vidhan Sabha Election 2025 Date: बिहार में कब होंगे चुनाव? सूबे को कब मिलेगी नयी सरकार? पढिए विधानसभा चुनाव से जुड़े हर सवाल का जवाब
Bihar Vidhan Sabha Election 2025 Date: बिहार को राजनीति का पाठशाला कहा जाता है। ऐसे में विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम दलों नें रणनीति तैयार करना आरंभ कर दिया है, सवाल है बिहार में चुनाव कब होंगे?आगे पढ़िए...
![Bihar Vidhan Sabha Election 2025 Bihar Vidhan Sabha Election 2025](https://cdn.news4nation.com/Cloud/news/coverimage/8Feb2025/08022025082022-0-7dc9699c-9f61-4a07-bb0a-3eb01d65e0ce-2025082022.jpg?width=770&format=jpg&quality=60)
Bihar Vidhan Sabha Election 2025 Date: बिहार में विधानसभा की रणभेरी बजने में अभी कुछ माह शेष हैं लेकिन तमाम पार्टियों ने अभी से जोर लगाना शुरु कर दिया है। नेता अपनी गोटी सेट करने में जुटे हुए हैं तो एनडीए और महागठबंधन जनता को साधने के लिए अपने तरकश से तीर चलाना शुरु कर चुके हैं। वर्तमान नीतीश कुमार सरकार का कार्यकाल 23 नवंबर 2020 से शुरू हुआ था और यह 22 नवंबर 2025 तक चलेगा। इस समय सीमा के भीतर विधान सभा का चुनाव होना आवश्यक है।
चुनाव आयोग के पास चुनाव की तैयारी और तिथियों की घोषणा करने के लिए अभी पर्याप्त समय है। इस स्थिति में यह संभावना जताई जा रही है कि अक्टूबर के अंत तक चुनाव संपन्न हो जाएंगे। राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को न केवल आरंभ किया है, बल्कि इसे तेज भी कर दिया है। हालांकि, चुनाव की तिथियों पर अंतिम निर्णय चुनाव आयोग ही करेगा।
माना जा रहा है कि चुनाव आयोग सितंबर से अक्टूबर के बीच आचार संहिता लागू कर सकता है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 संभवतः अक्टूबर से नवंबर के प्रारंभिक हफ्ते के बीच आयोजित किए जाएंगे।
बता दें बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में, तीन चरणों में मतदान कराया गया था। पहले चरण में 71 विधानसभा सीटों पर 28 अक्टूबर 2020 को वोटिंग हुई थी। दूसरे चरण में 3 नवंबर 2020 को 94 विधानसभा सीटों पर मतदान किया गया था। तीसरे और अंतिम चरण के लिए 7 नवंबर 2020 को 78 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए थे। इसके बाद 10 नवंबर 2020 को मतगणना की गई थी। 2020 के चुनाव में NDA ने बहुमत के साथ सरकार का गठन किया था।