डिप्टी सीएम पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म, रुसी पत्नी से लिया तलाक ... 2013 में हुई थी शादी

पवन कल्याण की निजी जिंदगी में शादी और तलाक का सिलसिला काफी चर्चा में रहा है। उन्होंने अब तक तीन शादियां कीं और तीनों ही वैवाहिक रिश्ते तलाक के साथ खत्म हुए हैं।

Pawan Kalyan and Third Wife Anna Lezhneva- फोटो : news4nation

Pawan Kalyan :  दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की तीसरी शादी भी टूट गई है। शादी के 13 साल बाद उन्होंने अपनी पत्नी अन्ना कोनिडेला से अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लिया है। खास बात यह है कि पवन कल्याण की यह तीसरी शादी थी और अब उनका तीसरा वैवाहिक रिश्ता भी खत्म हो गया है।


उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पवन कल्याण और अन्ना ने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का निर्णय लिया है। दोनों ने स्पष्ट किया है कि वैवाहिक संबंध खत्म होने के बावजूद उनके बीच दोस्ती का रिश्ता बना रहेगा। वे अपने बच्चों की परवरिश के लिए पहले की तरह जिम्मेदार माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। बच्चों की खुशी और उनका भविष्य दोनों की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। दोनों ने अपने शुभचिंतकों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की है।


तीन शादियां, तीनों रिश्तों का हुआ अंत

पवन कल्याण की निजी जिंदगी में शादी और तलाक का सिलसिला काफी चर्चा में रहा है। उन्होंने अब तक तीन शादियां कीं और तीनों ही वैवाहिक रिश्ते तलाक के साथ खत्म हुए हैं।


1997 में नंदिनी से की थी पहली शादी

पवन कल्याण ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत के कुछ समय बाद वर्ष 1997 में नंदिनी से शादी की थी। बताया जाता है कि यह रिश्ता परिवार की पहल पर तय हुआ था। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए। इस दौरान पवन कल्याण अभिनेत्री रेनू देसाई के करीब आए और दोनों साथ रहने लगे। वर्ष 2004 में रेनू ने बेटे अकिरा नंदन को जन्म दिया। उस समय पवन का नंदिनी से कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ था। 


इसी विवाद को लेकर नंदिनी ने उनके खिलाफ दूसरी शादी से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कराया था। आखिरकार वर्ष 2007 में पवन और नंदिनी का तलाक हो गया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, तलाक के समय पवन ने नंदिनी को पांच करोड़ रुपये गुजारा भत्ते के रूप में दिए थे।


2009 में रेनू देसाई से की दूसरी शादी

पहली पत्नी से तलाक के बाद पवन कल्याण ने 28 जनवरी 2009 को अभिनेत्री रेनू देसाई से शादी कर ली। दोनों की मुलाकात फिल्मी दुनिया में हुई थी और शादी से पहले ही वे एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। इस शादी से उनकी बेटी आध्या का जन्म हुआ। हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चल सका। वर्ष 2012 में दोनों अलग हो गए और उनका तलाक हो गया। दोनों के अलग होने की वजह को लेकर अलग-अलग मीडिया रिपोर्टों में कई दावे किए गए, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।


2013 में अन्ना लेजनेवा से रचाई तीसरी शादी

रेनू देसाई से तलाक के करीब एक साल बाद पवन कल्याण ने 30 सितंबर 2013 को रूसी मूल की मॉडल अन्ना लेजनेवा से शादी की। दोनों की मुलाकात एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। इस शादी से पवन कल्याण दो और बच्चों के पिता बने। उनकी बेटी का नाम पोलेना अंजना पवनोवा और बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच है। करीब 13 साल तक साथ रहने के बाद अब दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। इस तरह पवन कल्याण का तीसरा वैवाहिक रिश्ता भी खत्म हो गया।


शादी खत्म, लेकिन बच्चों के लिए साथ रहेंगे

अन्ना से अलग होने के फैसले पर जारी बयान में पवन कल्याण ने साफ किया कि शादी का रिश्ता खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि उनके बीच सम्मान और दोस्ती भी समाप्त हो जाएगी। दोनों अपने बच्चों की जिम्मेदारी मिलकर निभाएंगे।