हाफ पैंट और हवाई चप्पल में कार्यालय पहुंच गए नगर आयुक्त : सीढ़ियों पर बैठ चेक करने लगे अटेंडेंस रजिस्टर, कर्मियों के उड़े होश

गिरिडीह नगर निगम के नए नगर आयुक्त मंगलवार सुबह हाफ पैंट और हवाई चप्पल में निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण कर सबको चौंका दिया। दो घंटे तक मुख्य गेट की सीढ़ियों पर आम आदमी की तरह बैठ उपस्थिति रजिस्टर खंगाला और बिना यूनिफॉर्म आए सफाई कर्मियों को फटकार लग

नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ का गजब अंदाज- फोटो : सोशल मीडिया

Giridih : गिरिडीह नगर निगम के नए नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ के काम करने के अनोखे अंदाज ने मंगलवार की सुबह हर किसी को हैरान कर दिया। सुबह-सुबह आम तौर पर अधिकारी जब दफ्तरों में पूरी सुरक्षा और तड़क-भड़क के साथ पहुंचते हैं, वहीं नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ हाफ पैंट और हवाई चप्पल पहनकर मॉर्निंग वॉक करते हुए सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। वे बिना किसी तामझाम के एक आम आदमी की तरह निगम कार्यालय के मुख्य गेट की सीढ़ियों पर जाकर बैठ गए, जिसकी भनक किसी भी कर्मचारी को नहीं थी।


सीढ़ियों पर साहब को देख हाथ-पांव फूले: मेयर प्रमिला मेहरा भी आनन-फानन में पहुंचीं

सुबह-सुबह जब लेबर और सफाई कर्मी काम के लिए दफ्तर पहुंचे, तो मुख्य गेट की सीढ़ियों पर नगर आयुक्त को इस साधारण वेशभूषा में बैठा देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते दफ्तर में यह खबर आग की तरह फैल गई और कर्मचारियों का तांता लग गया। सभी सहमे हुए अधिकारी को प्रणाम करने लगे। मामले की गंभीरता और नगर आयुक्त के इस औचक कदम की सूचना मिलते ही मेयर प्रमिला मेहरा भी आनन-फानन में निगम कार्यालय पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।


बिना यूनिफॉर्म आए कर्मियों को फटकार, महिला कर्मियों को सिखाया झाड़ू लगाने का सही तरीका

सीढ़ियों पर बैठकर ही नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ ने सीधे एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया। उन्होंने बिना ड्रेस (यूनिफॉर्म) के काम पर आए सफाई कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और अनुशासन में रहने की हिदायत दी। उन्होंने तुरंत हाजिरी रजिस्टर मंगाकर कर्मियों की उपस्थिति की बारीकी से जांच की। इसके बाद, जमीन पर उतरकर उन्होंने हाथों में झाड़ू थामी और महिला सफाई कर्मियों को झाड़ू लगाने का सही और प्रभावी तरीका भी सिखाया। साथ ही, उन्होंने कार्यालय में मौजूद फायर सेफ्टी मशीनों की भी गहनता से जांच की।


एसी कमरा छोड़ दो घंटे तक सीढ़ियों पर जमे रहे कमिश्नर: बोले- 'यह भी एक परिवार है'

निरीक्षण के दौरान करीब दो घंटे तक नगर आयुक्त अपनी गद्देदार कुर्सियों और एसी कमरे को छोड़कर मुख्य गेट की सीढ़ियों पर ही डटे रहे। इस दौरान कई अधिकारियों और लोगों ने उनसे उठकर चैंबर में बैठने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा, "यह निगम भी एक परिवार है और इसके सदस्यों के साथ यहीं बैठकर बात होगी।" गौरतलब है कि बिजय सिंह बिरुआ इससे पहले गिरिडीह के अपर समाहर्ता (एडीएम) रह चुके हैं, इसलिए वे शहर की भौगोलिक और प्रशासनिक स्थिति से बखूबी वाकिफ हैं।


मुहर्रम को लेकर युद्ध स्तर पर सफाई, शहरवासियों से की कमियां बताने की अपील

आगामी मुहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के मद्देनजर निगम द्वारा पूरे शहर में युद्ध स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम जनता और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर में जहां भी सफाई को लेकर कोई कमी या समस्या दिखती है, वे तुरंत इसकी सूचना निगम को दें; उस स्थान पर तत्काल टीम भेजकर त्वरित सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उनके इस जमीनी और कड़क अंदाज की पूरे शहर में जमकर सराहना हो रही है।