हजारीबाग में दिल दहला देने वाली घटना, जहरीली गैस के रिसाव से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
Jharkhand News : हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित कूद बस्ती में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जहरीली गैस से एक ही परिवार के तीन लोग काल के गाल मे समा गए...
Jharkhand : झारखंड के हजारीबाग जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के कटकमदाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
एक सदस्य की हालत गंभीर, अस्पताल में कराया गया भर्ती
गैस के इस खतरनाक रिसाव की चपेट में आने से परिवार का एक अन्य सदस्य भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसे आनन-फानन में स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसे बचाने और उसकी स्थिति को स्थिर करने के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना के बाद गांव में मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जमा हो गए और घर के भीतर का नजारा देखकर दंग रह गए। घटना की सूचना कटकमदाग थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सेफ्टी टैंक के अंदर अवैध रूप से बनाया जा रहा था मुहआ शराब
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सेफ्टी टैंक के अंदर अवैध रूप से मुहआ शराब बनाई जा रही थी। अवैध शराब बनाकर उसे टैंक के अंदर ही रखा जा रहा था। अवैज्ञानिक तरीके से शराब बनाने के कारण सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस बन गई थी। घटना के वक्त चमेली देवी जब शराब निकालने के लिए नीचे उतरीं तो जहरीली शराब की चपेट में आ गईं। जहरीली शराब की चपेट में आने के कारण चमेली देवी वहीं बेहोश हो गईं। काफी देर तक बाहर ना निकलने पर परजिनों को शक हुआ और तुरंत ही चमेली देवी का बेटा टैंक में उतरा और मां का पता लगाना चाहा, लेकिन वो भी वहीं बेसुध हो गया। इन दोनों का पता लगाने के लिए जब चाचा टैंक में उतरा तो वो भी बेहोश हो गए और एक-एक कर तीन लोगों की जान चली गई।
प्रशासन ने जताई संवेदना, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
इस दुखद घटना पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। इसके साथ ही प्रशासन ने आस-पास के ग्रामीणों से अपील की है कि वे बंद जगहों, कुओं या पुराने गड्ढों के पास जाते समय विशेष सावधानी बरतें ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।