India vs Ireland T20: आयरलैंड ने भारत की उड़ाई गिल्लियां, बैटिंग-बॉलिंग सब फेल, विदेशी पिच पर टीम इंडिया हुई पराजित

India vs Ireland T20:आयरलैंड ने टी-20 मुकाबले में ऐसा दांव खेला कि भारतीय टीम की पूरी बाज़ी ही पलट गई। ...

आयरलैंड ने भारत की उड़ाई गिल्लियां- फोटो : social Media

India vs Ireland T20:आयरलैंड ने टी-20 मुकाबले में ऐसा दांव खेला कि भारतीय टीम की पूरी बाज़ी ही पलट गई। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 148 रन पर सिमट गई और आयरलैंड ने भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में अपनी पहली ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली। यह सिर्फ हार नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए एक करारा झटका साबित हुई।

इस मुकाबले में भारत की बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों पूरी तरह नाकाम नजर आए। बल्लेबाज़ी में सिर्फ अभिषेक शर्मा ने 50 रन और शिवम दुबे ने 25 रन बनाकर कुछ देर तक पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाज़ ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। दूसरी ओर गेंदबाज़ी में प्रसिद्ध कृष्णा और वॉशिंगटन सुंदर के दो-दो ओवरों में ही 46 रन लुट गए, जिसने मैच का रुख पूरी तरह आयरलैंड की ओर मोड़ दिया।

विदेशी पिचों पर भारतीय बल्लेबाज़ों की मुश्किलें एक बार फिर खुलकर सामने आ गईं। भारत जैसी अपेक्षाकृत धीमी और सपाट पिचों के विपरीत, विदेशी विकेटों पर अतिरिक्त उछाल और सीम मूवमेंट के सामने खिलाड़ियों का फुटवर्क और तकनीक दोनों लड़खड़ाते दिखाई दिए। ऐसे दौरे से पहले अभ्यास मैचों का अभाव भी साफ़ महसूस हुआ।

 युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी इस मैच का हिस्सा नहीं थे।वैभव विदेशी परिस्थितियों में पहले भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। अंडर-19 विश्व कप के दौरान जिम्बाब्वे और नामीबिया की परिस्थितियों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था और फाइनल में 175 रन की यादगार पारी खेलकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था।

अब टीम इंडिया के लिए यह हार एक बड़ा सबक है। विदेशी दौरों पर बेहतर तैयारी, अभ्यास मैच और परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति ही भविष्य में ऐसी शर्मनाक शिकस्त से बचा सकती है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार