Railways Rules:1 मार्च से बदल जाएंगे रेलवे के नियम, UTS ऐप होगा बंद, अब RailOne से ही कटेगा टिकट, यात्रा से पहलें जान लें बेहद जरुरी नियम
Railways Rules: देश में हर रोज़ करोड़ों मुसाफ़िर रेल की पटरियों पर अपने अरमानों, ख़्वाबों और ज़िम्मेदारियों का सफ़र तय करते हैं।
Railways Rules: देश में हर रोज़ करोड़ों मुसाफ़िर रेल की पटरियों पर अपने अरमानों, ख़्वाबों और ज़िम्मेदारियों का सफ़र तय करते हैं। कोई रिज़र्वेशन लेकर इत्मीनान से यात्रा करता है, तो कोई जनरल टिकट के सहारे मंज़िल की तरफ़ बढ़ता है। कई लोग तो सिर्फ अपने अज़ीज़ों को छोड़ने या लेने स्टेशन तक आते हैं और प्लेटफॉर्म टिकट लेते हैं। अब तक इन सबके लिए UTS on Mobile ऐप सहारा था।
लेकिन अब एक बड़ा फ़ैसला लिया गया है 1 मार्च से यह ऐप बंद किया जा रहा है। इस बदलाव की आहट ने लाखों यात्रियों के दिलों में हलचल पैदा कर दी है। मगर राहत की बात यह है कि Indian Railways ने पहले ही नई ऐप लॉन्च कर दी है, ताकि किसी को परेशानी न हो। अब टिकट बुकिंग के लिए आपको सिर्फ RailOne ऐप का इस्तेमाल करना होगा।
टिकट बुकिंग के नियमों में तब्दीली
रेलवे ने टिकट बुकिंग सिस्टम को और आसान व डिजिटल बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया है। 1 मार्च से जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और रिज़र्वेशन—सब कुछ एक ही ऐप में मिलेगा। अब अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने की झंझट खत्म।
हर दिन लाखों लोग मोबाइल से जनरल टिकट बुक करते हैं। कई यात्री तकनीकी दिक्कतों की वजह से यूटीएस ऐप इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे और लंबी कतारों में लगते थे। लेकिन नया रेलवन ऐप यूज़र-फ्रेंडली और आसान बताया जा रहा है, जिससे आम आदमी को सहूलियत मिलेगी।
RailOne ऐप से होंगे सारे काम
1 मार्च के बाद यूटीएस ऐप देशभर में काम नहीं करेगा। उसकी जगह रेलवन ऐप पूरी तरह ले लेगा। इस ऐप में न सिर्फ जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट मिलेंगे, बल्कि रिज़र्वेशन, ट्रेन का लाइव स्टेटस और लोकेशन जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी। यानी अब एक ही प्लेटफॉर्म पर पूरी रेल दुनिया मौजूद होगी।
ऐसे बुक होगा जनरल टिकट
सबसे पहले RailOne ऐप खोलें और Journey Planner में जाएं। वहां Unreserved टिकट चुनें। From और To स्टेशन भरें या GPS ऑन करें। ट्रेन टाइप चुनें Mail, Express या Superfast। डिटेल्स चेक कर पेमेंट करें। ट्रांजैक्शन पूरा होते ही टिकट My Tickets सेक्शन में दिखेगा, जहां से आप उसे देख या PDF डाउनलोड कर सकते हैं।
डिजिटल दौर में यह बदलाव एक नई इबारत लिखने जा रहा है अब सफ़र होगा और भी आसान, तेज़ और बेफिक्र।