तेजू भैया का देसी जलवा सुपरहिट, मल्लिका ने पूछा-और कितना तेज चाहिए? तोहार मुस्कुराहट बड़ा लाजवाब बा..

Tej Pratap Yadav: बिहार की सियासत में बयानबाजी और उठापटक के लिए सुर्खियों में रहने वाले तेज प्रताप यादव इन दिनों सियासी अखाड़े से थोड़ा किनारा कर मनोरंजन की महफिल में रंग जमाते नजर आ रहे हैं।...

तेजू भैया का मल्लिका ने छुड़ाया पसीना- फोटो : social Media

Tej Pratap Yadav: बिहार की सियासत में बयानबाजी और उठापटक के लिए सुर्खियों में रहने वाले तेज प्रताप यादव इन दिनों सियासी अखाड़े से थोड़ा किनारा कर मनोरंजन की महफिल में रंग जमाते नजर आ रहे हैं। जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप अब भोजपुरी बवाल के मंच पर ऐसे अंदाज में दिखाई दे रहे हैं कि राजनीति के गलियारों से ज्यादा सोशल मीडिया की गलियों में चर्चा हो रही है। शो के अपकमिंग एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत स्पेशल गेस्ट बनकर पहुंची हैं। प्रोमो देखकर लगता है कि यहां चुनावी भाषण नहीं, बल्कि ठिठोली, मुस्कुराहट और थोड़ी-सी छेड़छाड़ का पूरा इंतजाम था।

मल्लिका ने तेज प्रताप से कहा कि अगर वह सूट पहनकर आएंगे तो बिहार की लड़कियां उन पर लट्टू हो जाएंगी। बस फिर क्या था-तेजू भैया ने भी गेंद लपक ली और पलटकर पूछ बैठे, “आप मुझ पर लट्टू हैं?” सवाल सुनते ही मल्लिका मुस्कुराईं और तेज प्रताप के चेहरे पर भी ऐसी लाली आई कि कैमरे को भी शायद लगा होगा-सियासत का तापमान आज कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है।

हाथ देखा तो भविष्य से ज्यादा दिल की फाइल खुल गई

एक दूसरे प्रोमो में तेज प्रताप ज्योतिषी के अंदाज में मल्लिका की हथेली पढ़ते नजर आए। हाथ की लकीरों पर नजर दौड़ाते हुए उन्होंने फरमाया कि मल्लिका का भविष्य बहुत उज्ज्वल है, मगर पैसा टिकता नहीं है। मल्लिका ने भी तुरंत हामी भर दी यानी पहली भविष्यवाणी में ही पंडित जी को सही का तमगा मिल गया। इसके बाद तेज प्रताप ने कहा कि कई लोग मल्लिका का दिल तोड़ते हैं। इस पर भी अभिनेत्री ने सहमति जताई। अब इसे हाथ की लकीरों का कमाल कहें या शो की पटकथा का, दर्शकों के लिए मसाला जरूर तैयार हो गया।

फिर राशि की बारी आई। मल्लिका ने बताया कि उनकी राशि तुला है। तेज प्रताप ने कहा कि उनकी राशि भी तुला है। बस फिर क्या था दोनों ने हाथ मिलाया और संयोग का जश्न ऐसे मनाया जैसे ग्रह-नक्षत्रों ने भी आज मनोरंजन उद्योग में गठबंधन कर लिया हो।

पुखराज की सलाह और तेज पर चुटकी

मल्लिका ने पूछा कि उन्हें कौन-सा रत्न पहनना चाहिए। तेज प्रताप ने अपनी अंगूठी दिखाते हुए पुखराज की सलाह दी और कहा कि इससे सूर्य तेज होगा और प्रभाव बढ़ सकता है। मल्लिका ने भी मौके को हाथ से जाने नहीं दिया। मुस्कुराकर बोलीं, “और कितना तेज चाहिए… तेज जी?” बस, इतना सुनना था कि तेज प्रताप शरमाते नजर आए। यानी पुखराज पहनने की सलाह देते-देते खुद ही तेज की तपिश में आ गए।

वर्कआउट में भी मल्लिका ने छुड़ाया पसीना

दूसरे प्रोमो में दोनों साथ वर्कआउट करते दिखाई देते हैं। मल्लिका अलग-अलग एक्सरसाइज कराती हैं और तेज प्रताप की हालत देखकर लगता है कि राजनीति का व्यायाम शायद जिम की कसरत से आसान है।

मल्लिका ने हरियाणवी अंदाज में उनकी मुस्कान की तारीफ की-थारी स्माइल ने तो कमाल कर दिया। जवाब में तेज प्रताप भी भोजपुरी रंग में उतर आए और बोले, तोहार मुस्कुराहट बड़ा लाजवाब बा, मल्लिका जी।

अब प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की बातचीत और कैमिस्ट्री को लेकर खूब चर्चा है। दर्शक उत्सुक हैं कि पूरा एपिसोड क्या गुल खिलाता है। फिलहाल इतना जरूर है कि तेज प्रताप का यह नया मनोरंजक अवतार सियासी भाषणों से अलग है जहां मुद्दों की जगह मुस्कान है, घोषणापत्र की जगह पुखराज है और बहस की जगह लट्टू वाला सवाल!