कौन हैं गौरी स्प्रेट जिनसे 5 जुलाई को शादी करेंगे आमिर खान, तीसरी बार दूल्हा बनेंगे बॉलीवुड अभिनेता

47 वर्षीय गौरी स्प्रेट का जन्म बेंगलुरु में हुआ। वह एक बहुसांस्कृतिक परिवार से आती हैं। उनके पिता रॉबर्ट स्प्रेट तमिल-ब्रिटिश मूल के हैं, जबकि उनकी मां रीटा स्प्रेट पंजाबी-आयरिश पृष्ठभूमि से संबंध रखती हैं।

Who is Gauri Spratt - फोटो : news4nation

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 61 वर्षीय अभिनेता 5 जुलाई 2026 को अपनी पार्टनर गौरी स्प्रेट से शादी करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों मुंबई में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर्ड मैरिज करेंगे। समारोह बेहद निजी रखा गया है, जिसमें सिर्फ परिवार के करीबी सदस्य और बचपन के दोस्त शामिल होंगे।


कौन हैं गौरी स्प्रेट?

47 वर्षीय गौरी स्प्रेट का जन्म बेंगलुरु में हुआ। वह एक बहुसांस्कृतिक परिवार से आती हैं। उनके पिता रॉबर्ट स्प्रेट तमिल-ब्रिटिश मूल के हैं, जबकि उनकी मां रीटा स्प्रेट पंजाबी-आयरिश पृष्ठभूमि से संबंध रखती हैं।  गौरी के परिवार का भारतीय इतिहास से भी खास जुड़ाव रहा है। उनके दादा फिलिप स्प्रेट ब्रिटेन में जन्मे लेखक और कम्युनिस्ट विचारक थे, जो 1920 के दशक में भारत आए और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे।


लंदन से की पढ़ाई

गौरी ने अपनी स्कूली शिक्षा तमिलनाडु के ऊटी स्थित ब्लू माउंटेन स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, लंदन से फैशन डिजाइन और फोटोग्राफी की पढ़ाई की।


ब्यूटी और फैशन इंडस्ट्री में बनाया नाम

गौरी स्प्रेट ने अपने करियर की शुरुआत फैशन और गारमेंट इंडस्ट्री से की। बाद में वह देश के चर्चित हेयर और ब्यूटी ब्रांड BBlunt से जुड़ गईं। वर्तमान में वह BBlunt की पार्टनर और डायरेक्टर हैं तथा मुंबई के एक प्रमुख सैलून का संचालन करती हैं। इसके अलावा वह आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ क्रिएटिव कंसल्टेंट के तौर पर भी जुड़ी होने की खबरें हैं।


करोड़ों की संपत्ति की मालकि

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गौरी स्प्रेट की अनुमानित व्यक्तिगत संपत्ति 24 करोड़ से 40 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। फैशन, ब्यूटी और निवेश के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।


पहले भी हो चुकी है शादी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौरी स्प्रेट की पहले भी शादी हो चुकी है और उनका क्विन नाम का सात वर्षीय बेटा है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2025 के अंत में आमिर खान और गौरी स्प्रेट मुंबई के बांद्रा स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट में साथ रहने लगे थे। यह घर आमिर के पुराने पारिवारिक घर के पास है, जिससे उनके बच्चों जुनैद, इरा और आजाद का आना-जाना भी आसान रहता है।


आमिर की तीसरी शादी होगी

गौरतलब है कि आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनका 2002 में तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। दोनों ने 2021 में अलग होने की घोषणा की थी। अब यदि मीडिया रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो गौरी स्प्रेट आमिर खान की तीसरी पत्नी होंगी। हालांकि, आमिर खान और उनकी टीम की ओर से शादी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल इसे मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आई जानकारी माना जा रहा है।