पड़ोस के गांव में नाइट क्रिकेट मैच देखकर घर लौट रहे युवक की बदमाशों ने चाकू गोदकर की हत्या, वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल

CHHAPRA :  सारण जिले में नाइट क्रिक्रेट मैच देखकर अपने घर लौट रहे युवक की बीती रात बदमाशों ने चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गड़खा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी बचन राम के पुत्र चंदन राम(20) के रूप में की गयी है। हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। जिसको लेकर पुलिस कैंप कर रही है।

घटना गड़खा थाना क्षेत्र के जसोसती पोखरा के पास की है।  परिजनों ने बताया कि शुक्रवार के रात पड़ोस के गांव पिरौना गांव में क्रिकेट नाइट मैच हो रहा था। जिसे मृतक चंदन भी क्रिकेट देखने के लिए गया था। देर रात वह क्रिकेट देखकर अपने घर लौट रहा था। तभी जसोसती पोखरा के पास अपराधियों ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। 

घटना की सूचना परिजनों को सुबह में मिली। जिसके बाद परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना स्थानीय थाना की पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। 

फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी बिन्दुओं पर गहनता से जांच कर रही है।