राहुल गांधी की सांसदी खत्म होने के बाद कांग्रेस का विरोध लगातार जारी, बिहार में कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने किया सत्याग्रह

PATNA. राहुल गांधी की संसद की सदस्यता रद्द होने के बाद बिहार की सियासत गरमाई हुई है। इस फैसले के खिलाफ राज्य में कांग्रेसियों ने एकदिवसीय सत्याग्रह आंदोलन किया  है। जिसके तहत  अलग-अलग जगहों पर सत्याग्रह कर केंद्र सरकार का विरोध किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को  बिहार कांग्रेस की अल्पसंख्यक, ओबीसी, एससी-एसटी विभाग के संयुक्त तत्वाधान में जय भारत सत्याग्रह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

यह सत्याग्रह राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने, केंद्र की मोदी सरकार के निरंकुशता, तानाशाही और अडानी के हवाले देश की सार्वजनिक सम्पत्तियों को सौंपने के खिलाफ की गई। गांधी और अंबेडकर प्रतिमा के पास राज्य के सभी जिलों में एकदिवसीय सत्याग्रह का आयोजन किया गया।

 बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौर ने कहा कि बिहार के सभी जिलों में जय भारत सत्याग्रह के तहत अल्पसंख्यक विभाग, ओबीसी विभाग और एससी-एसटी विभाग के द्वारा केंद्र की निरंकुश सरकार के खिलाफ अंबेडकर और गांधी प्रतिमा के पास सत्याग्रह किया है। आने वाले दिनों में अभी यह कार्यक्रम लगातार मोदी सरकार के निरंकुशता के खिलाफ जारी रहेगा।