बिहार में एनडीए की सरकार बनने से उत्साहित BJP अध्यक्ष, कहा – चुनाव में हम क्लीन स्वीप करेंगे

PATNA : जेपी नड्डा ने कहा कि आनेवाले चुनाव में एनडीए बिहार में क्लीन स्वीप करेगी। साथ ही उन्होंने दावा कि विधानसभा चुनाव में भी एनडीए की जीत होगी। नीतीश कुमार की वापसी पर उन्होंने कहा कि बिहार में जनता ने भाजपा और जदयू के एनडीए को वोट दिया था। आज नीतीश कुमार फिर से एनडीए में वापस आ गए हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार में जब भी एनडीए की सरकार आई है, तब-तब हर क्षेत्र में बिहार के विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि हमलोंगों ने देखा है कि महागठबंधन की सरकार में कानून व्यवस्था किस स्तर तक खराब हो गई थी। जब एनडीए की सरकार बनती है, तो स्थिरता आती है, जो कानून व्यवस्था बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाता है।

इंडी एलाएंस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि हम पहले भी मानते थे यह चलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह एलाएंस सिर्फ एक परिवार को बचाने के लिए काम कर रहा था। यह एलाएंस भ्रष्टाचार करनेवालों का जमावड़ा है। देश के लिए यह काम नहीं कर रहा था। इसलिए जमीन पर उतरने से ही यह बिखर गई है।

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा नाकामयाब साबित हुई है। मौजूदा अन्याय यात्रा और भारत तोड़ो यात्रा की हालत ऐसी है कि इसे ममता ने बंगाल में खारिज कर दिया। बिहार में जो हालत है वह दिख रहा है। पंजाब में भी जो स्थिति है वह किसी से छिपी नहीं है।