मसौढ़ी में पेड़ से लटका मिला 40 वर्षीया महिला का शव, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस

MASAURHI: मसौढ़ी में एक अज्ञात महिला की शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पूरा मामला धनरुआ थाना के ओरियारा गांव स्थित गोपाल टोला का है। जहां शनिवार की शाम बेर के एक पेड़ से झूलता हुआ 40 वर्षीया एक अज्ञात महिला की शव को पुलिस ने बरामद किया। जमीन से करीब 30 फिट की ऊंचाई पर पेड़ की एक टहनी पर लटका महिला का शव देख स्थानीय ग्रामीण अवाक् रह गए।

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को काफी मशक्कत के बाद पेड़ से नीचे उतारी और बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। बताया जाता है कि उक्त महिला की हत्यारों ने किसी दूसरी जगह गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में इस घटना को ख़ुदकुशी का रूप देने के लिए उसके गले में रस्सी बांध उसे उक्त पेड़ से लटका दिया।

महिला ने क्रीम कलर की साड़ी और लाल रंग का ब्लाउज पहन रखी थी। स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो जिस जगह पर महिला को पेड़ से लटकाया गया वह सुनसान जगह थी और वहां घने झाड़ी की वजह से किसी भी ग्रामीण का आना जाना नहीं होता था। घटना को अंजाम देने वाले हत्यारों को यह बात अच्छी तरह पता थी कि उस जगह पर किसी का आना जाना नहीं होता है। शव देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि महिला को पेड़ से उतनी ऊंचाई पर लटकाना एक या दो व्यक्तियों से संभव नहीं है।

ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में कम से कम आधा दर्जन से अधिक लोग शामिल रहे होंगे। फ़िलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। इधर इस संबंध में धनरुआ थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फ़िलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ बताया जा सकता है।


मसौढ़ी से सुजित की रिपोर्ट