नवादा के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवती का शव, इलाके में मचा हड़कंप

NAWADA: नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के धमनी पंचायत की बुढ़ियासाख बक्सवा पहाड़ी पर एक पेड़ से लटकता युवती का शव बरामद किया गया। जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि तीन-चार दिन पूर्व ही युवती की मौत हुई है। वहीं शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस युवती की शिनख्त करने में जुटी हुई है। 

बताया जाता है कि पहाड़ी की तरफ गए कुछ ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटकते युवती के शव पर पड़ी। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखने के बाद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद लोगों की भीड़ वहां जुट गई। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद एसआई गौतम कुमार पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका की उम्र 18 से 20 वर्ष की है। आशंका है कि युवती की हत्या करने के बाद गले में रस्सी डालकर शव को पेड़ से लटका दिया गया। ताकि लोग इसे आत्महत्या समझ सकें। इस बाबत थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि युवती का शव बरामद होने के बाद छानबीन शुरू कर दी गई है। 

फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। मृतका की पहचान के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि युवती की शव देखकर प्रथम दृष्टया ऐसे प्रतीत होता है कि चार-पांच दिन पूर्व हत्या कर पहाड़ के दुर्गम स्थान पर लटकाया गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि शव को पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा अस्पताल भेजा जा रहा है।


नवादा से अमन की रिपोर्ट