छपरा में नदी में मिला लापता युवक का शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

छपरा. जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव नदी से बरामद किया गया है। घटना बीती देर रात की बताई गई है। मृतक जिले के डेरनी थाना क्षेत्र के पथरा बिन टोली गांव निवासी उपेंद्र महतो का 20 वर्षीय पुत्र लहवर कुमार है।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गयी है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह बीती रात शौच के लिए नदी की तरफ गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद में वे लोग उसकी खोजबीन में लगे थे। इसी बीच आज सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके पुत्र का शव नदी में पड़ा हुआ है। बताया जाता है कि लहवर की हत्या चाकू गोद कर की गई है। इसके बाद शव नदी में फेंका गया था।

मिली जानकारी के अनुसार युवक का शव नदी में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए बाड़ में फंसा हुआ मिला। इस हत्या को ग्रामीण प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, क्योंकि उस युवक का अपने पड़ोस की एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग था। युवक ने लड़की के साथ का एक फोटो भी अपने फेसबुक पर लगाया गया था। घटना के बाद से लड़की का परिवार घर बंद कर फरार हो गया है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि प्रेम प्रसंग में हत्या कर ये लोग फरार हो गये हैं। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर घटना की जांच कर रही है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा दिया है।