जनविश्वास यात्रा के दौरान महुआ में राजद विधायक मुकेश रौशन ने तेजस्वी यादव का किया जोरदार स्वागत, कहा नेता प्रतिपक्ष को बनाना है मुख्यमंत्री

PATNA : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज जन विश्वास यात्रा के दूसरे चरण में वैशाली के महुआ पहुंचे, जहां महुआ के युवा विधायक डॉ मुकेश रौशन ने तेजस्वी यादव का भव्य स्वागत किया।हाजीपुर  के राम अशीष चौक पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री का स्वागत महुआ विधायक डॉ मुकेश रौशन ने चांदी का मुकुट एवं स्वर्ण गदा तथा कलम देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा के लोगों से हाईजैक हो गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास ना विचारधारा है, ना सिद्धांत है और ना ही नैतिकता बची है। तेजस्वी यादव ने जनविश्वास यात्रा के दौरान कहा कि उनके पास बिहार के विकास का विजन है और बिहार के लोगों के सहयोग से नया बिहार बनाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते थे कि 10 लाख को नौकरी देना असंभव है। उन्होंने कहा कि बिहार में 17 महीने उपमुख्यमंत्री रहते हुए 5 लाख लोगों को नियुक्ति पत्र दिया तथा नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आगे बढ़ाने का भी काम किया।महुआ में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने मेरे ऊपर जो विश्वास किया है उसी विश्वास को साकार करने के लिए सड़क पर निकला हूं। इस लड़ाई में आपका समर्थन मिलता है तो नए बिहार का निर्माण किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने एनडीए सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब मोदी और नीतीश के सामने लालू नहीं झुके तो उनका बेटा तेजस्वी भी नहीं झुकेगा। हम आपकी लड़ाई लड़ने आए हैं। साथ दीजिएगा तो नया बिहार बनाएंगे। एक मौका मिला तो नौजवानों का भविष्य बना देंगे।

तेजस्वी ने नौकरी के मुद्दे पर नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि मैंने 17 महीने में 17 साल का काम किया है। पांच लाख नौकरी देकर मैंने ये साबित कर दिया है। इस दौरान तेजस्वी ने अपने समर्थकों से 3 मार्च को पटना आने को कहा। तेजस्वी ने कहा कि तीन मार्च को पटना चलना है और वहां गांधी मैदान को पाट देना है। आप सब पटना आएंगे तो चाचा और भाजपा का पतन शुरू हो जाएगा। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम 3 तारीख को पटना गांधी मैदान की रैली में शामिल होने के लिए न्योता देने आए है। भाजपा को हटाना है, देश को बचाना है। चाचा ने पलटी मार दी, लेकिन जहां भी रहे खुश रहे। उन्होंने कहा कि अब नीतीश कुमार से बिहार चलने वाला नहीं है, इसलिए आने वाले चुनाव में हम सभी को एक होकर इस सरकार को बदल देना है। 

इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा का रथ लालू जी ने रोका था। जब वे नहीं डरे तो तेजस्वी कैसे डरेगा।तेजस्वी ने कहा कि पिछले चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा, भाजपा, नीतीश, मांझी सब का 30 हेलिकॉप्टर उड़ रहा था, हमारा एक। फिर भी आप लोगों के आशीर्वाद से धोबिया पछाड़ दिए। कुछ सीट से महज दूर रह गए।यही नहीं तेजस्वी ने बीते दिनों सदन में अपने मोदी की गारंटी वाले भाषण को भी यहां दोहराया। उन्होंने कहा कि हमने पूछा मोदी की गारंटी वालों से चाचा की गारंटी लेते हैं न कि वे अब पलटी नहीं मारेंगे। इसकी कोई गारंटी है।पूर्व डिप्टी सीएम ने अपने भाषण के अंत में कहा कि 3 मार्च को आप लोग पटना पहुंचिए। आप को लालू जी ने बुलाया है। उन्होंने कहा कि हम बस आपका साथ मांगने आए है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को नौकरी देने की बात सबसे पहले किसने की थी। जो वो 17 साल में नहीं कर पाए वो हमने 17 महीने में बिहार के युवाओं को देने का काम किया है।तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश चाचा के पास विजन नहीं है, उनसे बिहार नहीं चलेगा। नीतीश कुमार उनके अभिभावक है। जब भी उन्हें जरूरत पड़ी, हमलोगों ने मदद किया। अब वे बुजुर्ग हो चुके है। उन्हें बीजेपी वालों ने हाईजैक कर लिया है।

इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने भाजपा को डस्टबीन बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक वाशिंग मशीन है। इस पार्टी को जॉइन करने वाले सभी नेताओं का सब कुछ धुल जाते हैं, लेकिन अब भाजपा वाशिंग मशीन के साथ-साथ डस्टबीन भी बन गई है। सभी पार्टियों से छांटे गए नेता उस डस्टबीन में जगह पा रहे हैं। महुआ विधायक डॉ मुकेश रौशन ने सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष को आश्वस्त किया कि वैशाली जिला तथा महुआ विधानसभा के मतदाता तेजस्वी यादव के साथ कदम से कदम मिला कर खड़ी है। हम लोगों ने यह ठाना है, विकसित, सुरक्षित, समृद्ध एवं शिक्षित बिहार के लिए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। जन विश्वास यात्रा के दौरान तेजस्वी के महुआ पहुंचते हीं भीड़ बेकाबू हो गई। तेजस्वी यादव के संबोधन के दौरान तेजस्वी यादव जिंदाबाद का नारा लगातार गुंजता रहा। सुबह से हीं लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। राजद के नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में सुबह से हीं जुटना शुरू कर दिये थे। इस दौरान राजद के कार्यकर्ता का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव, विधायक डॉ मुकेश रौशन, विधायक वीणा सिंह, पूर्व विधान पार्षद विशुनदेव राय, पूर्व मंत्री आलोक मेहता, पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम, पूर्व विधायक प्रेमा चौधरी, देव कुमार चौरसिया जिला अध्यक्ष बैधनाथ चंद्रवंशी समेत राजद तथा महागठबंधन के प्रदेश एवं जिला के प्रमुख नेता एवं हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।

देब्नाशु प्रभात की रिपोर्ट