EXCLUSIVE INTERVIEW : तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ को बताया अभिभावक, लोकसभा चुनाव को लेकर बताया प्लान

पटना. राजद नेता तेजस्वी यादव ने अपने धुर विरोधी सियासतदानों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ को अभिभावक बताया है. साथ ही तेजस्वी ने अपने इन अभिभावकों से बिहार के लिए बड़ी मांग कर दी. जन विश्वास यात्रा पर निकले तेजस्वी ने गुरुवार को न्यूज़4नेशन से विशेष बातचीत करते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर जोरदार तंज कसा. पीएम मोदी सहित अमित शाह और राजनाथ सिंह के हो रहे बिहार दौरे पर तेजस्वी ने कहा कि वे लोग केंद्र में हैं तो उनका बिहार आना स्वाभाविक है. तीनों को अभिभावक बताकर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेताओं को बिहार आना चाहिए क्योंकि वे केंद्र में हैं. लेकिन वे बिहार आ रहे हैं तो उन्हें उन वादों और मांगों को भी पूरा करना चाहिए जो बिहार चाहता है. 

तेजस्वी ने कहा कि केंद्र सरकार को बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देना चाहिए. विशेष पैकेज देना चाहिए. लेकिन हमेशा चुनाव में ही मोदी सहित अन्य नेता इन बातों को बोलते हैं कि हम कर देंगे. वहीं चुनाव खत्म होते ही कुछ नहीं करते हैं. पिछले 10 साल से केंद्र सरकार में रहने के बाद भी बिहार की मांगों और बिहार के किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी एक बार फिर बिहार आ रहे हैं तो उन्हें बिहार की जरूरतों को पूरा करने के लिए विशेष राज्य का दर्जा देने और विशेष पैकेज की घोषणा करनी चाहिए. 

यात्रा में मिले समर्थन से गदगद तेजस्वी : 20 मार्च से जन विश्वास यात्रा कर रहे तेजस्वी यादव की यात्रा 29 जनवरी को पूरी हो रही है. यात्रा में मिले जनसमर्थन पर तेजस्वी ने कहा कि हम अच्छा काम करेंगे और जनता की सेवा करेंगे तो परिणाम भी अच्छा ही रहेगा. हमने कठिन रास्ता चुना है तो उसमें लोगों का पूरा आशीर्वाद और विश्वास मिल रहा है. उन्होंने कहा कि जनता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है. लोगों का विश्वास बढ़ा है. उन्होंने कहा कि बिहार के अलग अलग जिलों की यात्रा कर उन्हें जो अपर समर्थन मिला है उससे विश्वास है कि 3 मार्च को होने वाली पटना की रैली सफल होगी. 

नीतीश कुमार को गए हाईजैक : राजद के चार विधायकों के पार्टी से अलग होने और एनडीए के साथ हो जाने पर तेजस्वी ने सीएम नीतीश को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार ही हाईजैक हो गए हैं तो अन्य विधायकों की क्या बात की जाए. कौन जा रहा है और आ रहा है इस पर कुछ भी कहने से बेहतर है जनता जवाब देगी. 

लंबा खेल चलेगा : तेजस्वी ने कहा कि भले ही उनके विधायकों को तोड़कर इसे भाजपा खेला होने की बात कह रही है लेकिन यह खेल लम्बा होगा. उन्होंने कहा कि खेल तो शुरू हो ही चुका है और हम लोगों को लंबा खेलना है. आगे आने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में इसका जवाब दिया जाएगा. 

रंजन की रिपोर्ट