पार्टी के दौरान हुए विवाद में युवक को मारी गोली, आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

ROHTAS : जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के टेकनपुरा में बीती रात एक युवक को गोली मार दी गई। युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। 


वहीं इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास पुलिस ने एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। घटना के संबंध में बताया गया है कि बीती रात में टेकनपुरा में कुछ लोगों ने एक पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें जान पहचान के कई लोग जुटे थे। उसी दौरान आपस में कुछ विवाद हो गया और रहीम खान नामक शख्स को गोली मार दी गई। गोली रहीम के सीने में लगी है जिसे इलाज के लिए बिक्रमगंज के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। 


सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात टेकनपूरा गांव में एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता जुटे थे तथा लिट्टी-चोखा की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान हुए कुछ विवाद के दौरान रहीम खान को गोली मार दी गई। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच एक युवक को इस मामले में गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने हथियार भी बरामद किये है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।