भारत रचेगा नया इतिहास : एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्ट्री देश को समर्पित करेंगे पीएम मोदी

DESK. भारत एक नया इतिहास रचने के करीब है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 फरवरी को कर्नाटक की यात्रा करेंगे। वह बेंगलुरु में करीब 11:30 बजे इंडिया एनर्जी वीक 2023 का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 3:30 बजे तुमकुरु में बने एचएएल की हेलिकॉप्टर फैक्ट्री को देश को समर्पित करेंगे। यह एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्ट्री है। इसके साथ ही वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

बेंगलुरु में इंडिया एनर्जी वीक 2023 का आयोजन 6 से 8 फरवरी तक किया जाएगा। इसका उद्देश्य एनर्जी ट्रांसमिशन पावरहाउस के रूप में भारत की बढ़ती शक्ति का प्रदर्शित करना है। इसमें दुनिया भर से 30 मंत्री शामिल होंगे। तीस हजार से अधिक प्रतिनिधि, एक हजार प्रदर्शक और 500 वक्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे और भारत के ऊर्जा भविष्य की चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री तेल और गैस कारोबार से जुड़ी वैश्विक कंपनियों के सीईओ के साथ बातचीत करेंगे। वह ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में कई पहल भी शुरू करेंगे।

प्रधानमंत्री तुमकुरु इंडस्ट्रियल टाउनशिप की आधारशिला रखेंगे। इसे नेशनल इंडस्ट्रियल कोरिडोर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत विकसित किया जाएगा। तीन चरण में 8484 एकड़ जमीन पर इंडस्ट्रियल टाउनशिप तैयार किया जाएगा। यह चेन्नई बेंगलुरु इंडस्ट्रियल कोरिडोर का हिस्सा है। प्रधानमंत्री तुमकुरु के तिपतुर और चिक्कानायकनहल्ली में दो जल जीवन मिशन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

कर्नाटक के तुमकुरु में एचएएल की हेलिकॉप्टर फैक्ट्री का निर्माण हुआ है। पीएम इसे देश को समर्पित करेंगे। 2016 में नरेंद्र मोदी ने इसकी आधारशिला रखी थी। यह ग्रीनफील्ड हेलिकॉप्टर फैक्ट्री है। इससे एचएएल की हेलिकॉप्टर बनाने की क्षमता बढ़ेगी। यह एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्ट्री है। यहां शुरू में लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर का निर्माण होगा।

नरेंद्र मोदी ग्रीन मोबिलिटी रैली (Green Mobility Rally) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली में ग्रीन एनर्जी से चलने वाली गाड़ियां शामिल होंगी। इसका उद्देश्य लोगों में ग्रीन फ्यूल के बारे में जागरूकता फैलाना है।