विधायक बीमा भारती की पिटाई करता था पति, पति की दूसरी शादी से खफा थीं विधायक

PATNA : रुपौली की जदयू विधायक बीमा भारती अपने पारिवारिक विवाद के कारण भी सुर्खियों में रही हैं। बीमा भारती की अपने पति से कभी पटरी नहीं बैठी। उनके पति अवधेश मंडल की आपराधिक छवि है। अवधेश मंडल पर सीसीए लग चुका है। 2010 में पति-पत्नी के घर झगड़ा सड़क पर आ गया था। अवधेश मंडल, विधायक होने के बाद भी बीमा भारती की पिटाई करता था। बीमा भरती ने अवधेश मंडल पर दूसरी शादी करने का भी आरोप लगाया था। इसके जवाब में अवधेश मंडल ने भी बीमा भारती पर गंभीर आरोप मढ़ा था।
पिटाई के बाद अस्पताल में भर्ती हुईं थीं विधायक
2010 में विधायक बीमा भारती ने पति अवधेश मंडल पर मारपीट का आरोप लगाया था। अवधेश मंडल ने विधायक की इतनी पिटाई की थी कि उन्हें पूर्णिया के अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। इसके बाद उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया था। जब वे पीएमसीएच में भर्ती थीं तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनका हालचाल लेने आये थे। विधायक ने अपने पति के खिलाफ पूर्णिया के भगवानपुर थाना में FIR दर्ज कराया था।
विधायक ने पति पर दूसरी शादी का लगाया था आरोप
बीमा भारती की 24 साल पहले अवधेश मंडल से शादी हुई थी। बीमा भारती ने जून 2012 में आरोप लगाया था कि अवधेश मंडल ने गुड़िया नाम की एक लड़की से दूसरी शादी कर ली है। इस बात से खफा बीमा भारती ने भगवापुर थाना में लिखित शिकायत की थी। विधायक ने कहा था कि पति शादी के कुछ समय बाद से ही मारपीट करने लगे थे। पति के भय से वे अपने तीन बच्चों को दूर रखती थीं। बच्चों को पढ़ने के लिए मंदारहिल स्कूल में भेज दिया था।
विधायक के पति कई बार हुए हैं गिरफ्तार
विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल पर 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2012 में भगवानपुर प्रखंड के नाजिर की ऑफिस में ही पिटाई कर दी थी। उस समय विधायक के पति प्रखंड प्रमुख थे। इस मामले में अवधेश मंडल की गिरफ्तारी भी हुई थी। बीमा भारती ने दो साल पहेल अपने पति पर बेटे को जहर देने का आरोप लगाया था। अवधेश मंडल की बीमा भारती से अनबन रहती थी। उसने एक बार बीमा भारती के चरित्र पर ही सवाल उठा दिया था।