मुखिया जी ने कर दिया इतना बड़ा कांड कि पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार, अब कोर्ट में होंगे पेश

PATNA : पंचायती राज के जरिये ग्रामीण
स्वराज का सपना अब चूर-चूर हो रहा है। मुखिया जी की करतूतों ने स्थानीय स्वशासन का
ढांचा खोखला कर दिया है। मधेपुरा जिले के एक मुखिया को एक लाख 20 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया है। निगरानी
की टीम ने मधेपुरा जिले के धैलाढ़ पंचायत के मुखिया अनंत प्रसाद मंडल को एक लाख 20 हजार रुपया घूस लेते रंगेहाथ
गिरफ्तार किया है। वे ठेकेदार को चेक देने के बदले रुपये वसूल रहे थे। धैलाढ़
पंचायत में सात निश्चय योजना के तहत विकास कार्य किया गया था। इस काम का बाकी
पैसा देने के लिए मुखिया जी, ठेकेदार से रिश्वत मांग रहे थे। बकाया राशि का चेक देने
के बदले उन्होंने एक लाख 20 हजार रुपये की
मांग की थी।
धैलाढ़
पंचायत के बद्री सदा ने आरोप लगाया था कि मुखिया अनंत प्रसाद मंडल सात निश्चय
योजना के तहत किये गए कार्य का बकाया पैसा देने के लिए एक लाख 93 हजार रुपया रिश्वत की मांग कर
रहे थे। निगरानी ब्यूरो ने इस आरोप का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान ही
ठेकेदार ने निगरानी की जानकारी में ये डील एक लाख 20 हजार रुपये में तय की।
आरोप सही पाये जाने के बाद इस मामले में निगरानी के पुलिस उपाधीक्षक महाराज कनिष्क कुमार के नेतृत्व में धावा दल गठित किया गया। निगरानी टीम ने कार्रवाई की और अनंत प्रसाद मंडल को घूस लेते धैलाढ़ प्रखंड कार्यालय से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को पूछताछ के बाद पटना स्थित निगरानी अदालत में उपस्थित किया जायेगा। मुखिया की गिरफ्तारी के बाद प्रखंड कार्यालय में अफरा-तफरी मच गयी।