नीतीश कैबिनेट की बैठक आज, इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर...

PATNA: बिहार के मुख्यमंत्री सीएम नीतीश कुमार मंगलवार को कैबिनेट की बैठक करेंगे। आज 11.30 बजे सीएम नीतीश कैबिनेट की बैठक करेंगे। बता दें कि पूरे दो सप्ताह के बाद आज कैबिनेट की बैठक होने वाली है। इस बैठक कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लग सकती है। दरअसल, अंतिम बार कैबिनेट की बैठक मानसून सत्र से पहले 19 जुलाई को हुई थी।

वहीं अब दो सप्ताह बाद कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। बैठक पर सबकी नजर रहेगी कि नीतीश सरकार नौकरी रोजगार सहित क्या बड़ा फैसला लेती है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही एनडीए की सरकार ने 2025 विधानसभा चुनाव से पहले 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया है। 15 अगस्त को नीतीश कुमार गांधी मैदान में बिहार की जनता को संबोधित करेंगे। सीएम यहां कई घोषणाएं करेंगे ऐसे में वो कई स्वीकृति कैबिनेट से ले सकते हैं।  

2 सप्ताह पहले 19 जुलाई को हुई कैबिनेट की बैठक में 27 एजेंडों पर मुहर लगी थी। बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 की स्वीकृति दी गयी है। जिसमें फिल्म निर्माता को अनुदान दिया जाएग। अनुदान के रूप में 2 करोड़ से लेकर 4 करोड़ तक की राशि दी जाएगी, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। पंचायत निर्माण कार्य मैन्युअल की स्वीकृति भी दी गयी थी, जिसमें निविदा के माध्यम से ही पंचायत में अब काम कराया जा सकेगा।

वहीं, अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत नालंदा में 560 अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए 56 करोड़ 61 लाख 3000 की और कैमूर में भी 560 अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए 58 करोड़ 17 लाख 99 हजार रुपये की स्वीकृति दी गयी थीं।