नीतीश के एनडीए में जाने पर राजद पर भड़के ओवैसी, तेजस्वी के साथ वैसे ही खेला हुआ है जैसे लालू ने AIMIM संग किया था

पटना. जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी हमला बोला है. ओवैसी ने रविवार को कहा कि नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और पीएम मोदी को बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए. इन तीनों ने बिहार की जनता को धोखा दिया है, खासकर नीतीश कुमार को." उन्होंने कहा कि बिहार में जो कुछ हो रहा है वह राजनीतिक अवसरवादिता कहना कम होगा, नीतीश कुमार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.

ओवैसी ने कहा, मैंने हमेशा कहा था कि नीतीश कुमार बीजेपी के साथ जाएंगे. मैं तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूं कि कैसा लगता है? उन्होंने हमारे (एआईएमआईएम) चार विधायकों को छीन लिया। क्या उन्हें अब भी वही दर्द महसूस हो रहा है? उनके साथ वैसे ही खेला गया है जैसे उन्होंने हमारे साथ खेला था. नीतीश कुमार बिहार में सिर्फ आरएसएस और नरेंद्र मोदी के शासन का चेहरा होंगे. तेजस्वी यादव और उनके परिवार ने बिहार के लोगों को दरकिनार कर दिया है और उनका ध्यान केवल अपने बीच से किसी को सीएम बनाने पर है। वहीं दूसरी ओर नीतीश कुमार हैं जो जब तक जीवित हैं तब तक सीएम बने रहना चाहते हैं। बीजेपी बस सब कुछ अपने लिए चाहती है, चाहे जो भी हो.

उन्होंने कहा कि नीतीश हों या तेजस्वी या फिर नरेंद्र मोदी इन सभी लोगों ने बिहार की जनता धोखा दिया गया। बिहार में कोई विकास नहीं हुआ है। राज्य में नौकरशाही बढ़ रही है. AIMIM ने हमेशा कहा है कि राजनीतिक धर्मनिरपेक्षता का इस्तेमाल भारतीय मुसलमानों को धोखा देने के लिए किया जाता है। अब बिहार के मुसलमानों को फिर से धोखा दिया गया है. नीतीश कुमार ने फिर से एनडीए में जाने को उन्होंने स्वाभाविक बताते हुए कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि नीतीश ऐसा ही करेंगे. अब तेजस्वी को अगर धोखा दिया जाना लग रहा है और दर्द हो रहा है तो तेजस्वी भी यही करते आए हैं. ओवैसी ने याद दिलाया कि इसी तरह तेजस्वी ने उनके दल के चार विधायकों को बिहार में तोड़ लिया था. जैसे तेजस्वी ने हमारे साथ खेला किया वैसे ही अब उनके साथ नीतीश ने किया है. 

इस बीच, तेजस्वी यादव की पार्टी राजद को महागठबंधन टूटने का जिम्मेदार बताते हुए नीतीश ने रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. वहीं शाम 5 बजे फिर से नीतीश कुमार एनडीए समर्थित मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उनके साथ 8 अन्य लोगों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी.