लालू-तेजस्वी से ईडी की पूछताछ पर राजद का केंद्र पर जोरदार हमला, मनोज झा ने विपक्षी दलों को किया आगाह, अब सबके साथ होगा यह काम

पटना. राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने लालू यादव से हुई प्रवर्त्तन निदेशालय की पूछताछ पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने मंगलवार को केंद्र सरकार पर जोरदार हमला किया. मनोज झा ने कहा, ED सबकी तलाश करेगी, आप देख सकते हैं कि क्या चल रहा है. आप देख सकते हैं कि कल लालू प्रसाद यादव के साथ क्या हुआ और आज तेजस्वी यादव के साथ क्या हो रहा है. महाराष्ट्र और तमिलनाडु में भी ऐसे ही हालात चल रहे हैं. विपक्ष को इस तथ्य को स्वीकार करने की जरूरत है कि उन्हें चुनाव भी लड़ना है और इन एजेंसियों का सामना भी करना है.

दरअसल, लालू यादव से सोमवार को करीब 10 घंटे तक ईडी ने पूछताछ की थी. इस दौरान उनसे कई सवाल किया गए. लेकिन इस पर लालू यादव के परिवार के सदस्यों और पार्टी नेताओं ने कहा कि ईडी उन्हें प्रताड़ित करने के लिए इस तरह कर रही है. अब मंगलवार को तेजस्वी से पूछताछ होगी. इन सबके बीच बिहार में सरकार भी पलट गई है. जिससे सियासी हालात पूरी तरह बदल गए हैं. इसे लेकर राजद की ओर से मोर्चा खोला गया है. मनोज झा ने स्पष्ट किया है कि विपक्ष के सभी दलों को इस प्रकार के हालात का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा क्योंकि केंद्र में मौजूद मोदी सरकार इन्हीं हथकंडो को अपना कर सत्ता में बनी रहना चाहती है. 

इस बीच, बिहार में उठापटक भरी सियासी स्थिति में राजद को कई मोर्चों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. इसमें लैंड फॉर जॉब मामले में लालू परिवार के लोगों से हो रही पूछताछ सबसे बड़ी परेशानी बनी है. इस पूछताछ से पार्टी की कई प्रकार की गतिविधियाँ भी ठप पड़ी हैं. विशेषकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बिहार दौरे के बीच हो रही इस पूछताछ ने राजद नेताओं को कांग्रेस की रैली से दूर रहने को मजबूर कर दिया है. इससे बिहार में बदले सियासी हालात के बाद लालू-तेजस्वी और राहुल गांधी की होने वाली मुलाकात की संभावना खत्म हो गई है. 

वहीं राजद नेता मनोज झा ने विपक्षी दलों को आगाह किया है कि अगर लोकसभा चुनाव में भाजपा का सामना करना है तो उसके पहले उन्हें केंद्रीय जांच एजेंसियों से भी जूझना होगा. बिना इसके वे भाजपा के साथ मुकाबला नहीं कर सकते है.