तेजस्वी बर्थडे स्पेशल: राजनीति से नाता नहीं, फिर भी लालू की दो बेटियों ने पिता और भाई के लिए सोशल मीडिया पर लड़ाई लड़ी

पटना... तेजस्वी यादव की 6 बहनें हैं। राजनीति में सक्रिय सिर्फ बड़ी बहन मीसा भारती ही हैं। कुछ बहनों का ससुराल राजनीतिक परिवार में जरूर है, लेकिन उनका राजनीति से कोई ताल्लुक नहीं है। इस बीच तेजस्वी यादव की 2 बहनें भाई और पिता के लिए बाहर रह कर भी सोशल मीडिया पर लड़ाई लड़ती हैं। तेजस्वी के दोनों बहनों ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि भाई तेजस्वी आ रहा है, राजतिलक की करो तैयारी। बर्थडे पर आइए हम आपको बताते हैं तेजस्वी की उन दोनों बहनों के बारे में।

लालू यादव की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य सिंगापुर में पति के साथ रहती है। रोहिणी के परिवार का राजनीति से कोई नाता नहीं है। ससुर इनकम टैक्स के अधिकारी रहे हैं। वहीं, रोहिणी आचार्य के पति सिंगापुर में ही ही बैंकर हैं। जबकि रोहिणी वहां डॉक्टर है। रोहिणी अपने परिवार के साथ ही वहीं रहती हैं। हालांकि छुट्टियों में वह मां राबड़ी देवी और भाइयों के पास समय व्यतीत करने आती हैं।

सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं रोहिणी

रोहिणी आचार्या सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। पिता के जेल जाने के बाद भी रोहिणी लगातार उनके पक्ष में पोस्ट करती थीं। अब भाई तेजस्वी के लिए वह सोशल मीडिया पर लगातार लड़ाई लड़ रही हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान रोहिणी लगातार भाई को सीएम बनाने के लिए पोस्ट कर रही हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर वह विरोधियों को जवाब भी देती हैं।

तेजस्वी भाई खिलाड़ी है

एग्जिट पोल के अनुमानों के बाद रोहिणी आचार्य ने कई ट्वीट्स किए हैं। पहले उन्होंने लिखा है कि पंद्रह बरस का गुस्सा था... जंगलराज जो जपता था... हम लोगों को बदनाम जो करता था... उसके कुकर्मों का हिसाब होगा... भाई अपना बिहार का सीएम होगा। दूसरे ट्वीट में रोहिणी ने लिखा कि गरम चाय की प्याली है, तेजस्वी यादव भाई मेरा खिलाड़ी है।

राजनीति में एंट्री को लेकर भी हुई थी चर्चा

रोहिणी के सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने की वजह यह चर्चा थी कि वह भी पॉलिटिक्स में एंट्री करेगी। यह चर्चा तब शुरू हुई थी, जब लालू परिवार विभिन्न मुकदमों में फंस गया था। आईआरसीटीसी होटल स्कैम मामले में यह कयास लगाए जाने लगे थे कि तेजस्वी यादव गिरफ्तार हो सकते हैं। मीसा भारती पर भी इस केस में आरोप था। लेकिन रोहिणी आचार्य ने साफ कर दिया था कि जो खबरें चल रही हैं, वह बकवास है। मैं राजनीति में नहीं आ रही हूं। साथ ही उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की थी।

राजलक्ष्मी भी हैं एक्टिव

वहीं, लालू प्रसाद यादव की सबसे छोटी बेटी राजलक्ष्मी यादव हैं। उनकी शादी सपा नेता तेज प्रताप यादव से हुई है। राजलक्ष्मी का ससुराल यूपी का बड़ा सियासी परिवार है। लेकिन राजलक्ष्मी ने पॉलिटिक्स नहीं करती हैं। सोशल मीडिया पर राजलक्ष्मी अपने मायके पक्ष के लिए एक्टिव रहती हैं। वह भाई तेजस्वी यादव के लिए लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहते हैं। 

गौरतलब है कि 9 नवंबर को तेजस्वी यादव 31 साल के हो जाएंगे। एग्जिट पोल अनुमान से लग रहा है कि बिहार के अगले बॉस वहीं होंगे। उससे पहले उनकी बहनें राजतिलक को लेकर शुभकामनाएं देने लगी हैं। लेकिन 10 नवंबर का इंतजार सभी को है।