बेंगलूरु में हुई बिहार मूल की युवती हत्या मामले में भोपाल से गिरफ्तार हुआ आरोपी, हैरान कर देगी मर्डर मिस्ट्री

पटना. बिहार मूल की एक महिला की बेंगलूरु में हुई हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार देर रात भोपाल से संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया. दक्षिण-पूर्व बेंगलुरु के कोरमंगला में एक पेइंग गेस्ट में 24 वर्षीय महिला की हत्या हुई थी जो बिहार मूल की थी। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान अभिषेक के रूप में की, जिसकी उम्र 24 से 26 वर्ष के बीच है। 

बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने शनिवार को बताया कि संदिग्ध को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया गया था। दक्षिण-पूर्व की पुलिस उपायुक्त सारा फातिमा ने बताया कि संदिग्ध को मध्य प्रदेश के भोपाल से पकड़ा गया था। फातिमा ने बताया, "हम उसे बेंगलुरु ला रहे हैं, टीम के यहां पहुंचने के बाद जांच जारी रहेगी।" उन्होंने कहा कि हत्या के तुरंत बाद संदिग्ध भोपाल भाग गया था। 

बिहार की मूल निवासी 24 वर्षीय कृति कुमारी की मंगलवार रात करीब 11:15 बजे कोरमंगला के वेंकटरेड्डी लेआउट में भार्गवी स्टेइंग होम्स में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। कथित तौर पर संदिग्ध पीजी की तीसरी मंजिल पर गया और कई बार चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, अभिषेक, कृति का दोस्त है। हत्या के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है। 

पुलिस के अनुसार, घटना के तुरंत बाद अभिषेक ने कथित तौर पर अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और भोपाल की ओर निकल गया। हत्या के तीन दिन बाद गिरफ्तारी हुई।