हाजीपुर में संदिग्ध परिस्थिति में युवक का शव बरामद, पिता ने बहू पर लगाया हत्या का आरोप
VAISHALI: वैशाली जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के राम भरोसी होटल के समीप एक घर के कमरे से पुलिस ने संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक का शव बरामद किया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के पोखरा ब्लॉक नया टोला गांव निवासी मिता राम यादव के 27 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव के रूप में हुई है।
मृतक बीते 6 माह पूर्व अपनी पत्नी चांदनी के साथ काम करने के लिए घर से निकला था। बीते 1 महीने से औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित राम भरोसे होटल के सभी किराए के मकान में रहकर मजदूरी का काम करता था। इस संबंध में मृतक के पिता मितराम यादव ने बताया 6 महीने पहले कमलेश की पत्नी उसे लेकर शहर रहने आई थी। मृतक के पिता ने बताया कि हमें पता था कि कमलेश दरभंगा में ही रहा है। जब हमें कमलेश के ससुराल वालों द्वारा फोन कर बताया गया कि कमलेश का एक्सीडेंट हाजीपुर में हो गया है। जब हम यहां पहुंचे तो पता चला कि उसकी मौत हो गई है।
मृतक के पिता ने आशंका जताई हैं कि कमलेश की पत्नी चांदनी ने ही उसकी हत्या करवाई है। मृतक के पिता ने बताया कि 6 महीने से घर से बाहर है लेकिन उसकी पत्नी उसे हम लोगों से बात करने भी नहीं देती थी। मृतक की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व दरभंगा जिले की रहने वाली चांदनी से हुई थी। तभी से वह गांव में रहना नहीं चाहती थी। 6 महीने से वह कमलेश को लेकर शहर में रहती थी।
इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के राम भरोस होटल के पास एक घर से संदिग्ध स्थिति में युवक का शव बरामद किया गया है। इस मामले में मृतक के पत्नी का फर्द बयान दर्ज किया गया है। हालांकि मृतक के पिता द्वारा उसकी पत्नी पर ही हत्या कराने का आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी के प्रयास का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अभी यूडी केस दर्ज कर अनुसंधान की जा रही है।
हाजीपुर से ऋषभ की रिपोर्ट