बिहार में भीषण गर्मी से तीन दिन नहीं मिलेगी राहत, नौ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी, इन जिला के लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह
पटना-बिहार की राजधानी पटना समेत कई जिलों में भीषण गर्मी और लू से लोग त्राहिमाम कर रहे हैं. उमस और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. उमस भरी गर्मी से तीन दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है. पूरे सूबे में गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है. घरों में भी पंखे और कूलर की हवा से भी राहत देने से इंकार कर रहे हैं. रविवार को राज्य का सबसे गर्म जिला बक्सर रहा जहां 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
बिहार के कई जिलों में आसमान से आग बरस रही है. बिहार के नौ जिलों में आज यानी सोमवार को भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग की ओर से बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद ,गया नवादा में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट है. मौसम विभाग ने पटना सहित तीन जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.वहीं पटना, नालंदा, जमुई में लू का येलो अलर्ट है.मौसम विभाग की रिपोर्ट में बताया गया है कि सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी की तल्खी बरकरार रहेगी.
उत्तर बिहार के एक या दो स्थानों पर गरज व चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है.
अगले चार दिनों तक मानसून दस्तक देने वाला नहीं है. बंगाल तक पहुंचने के साथ ही बंगाल की खाड़ी से आनेवाला मानूसन पहले ही कमजोर पड़ गया था. इस बीच अगले दो दिनों तक पूरे दिन धूप खिले रहने की संभावना है. जबकि सुबह शाम बादल अपना डेरा जमाए रहेंगे.
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से सावधान रहने की सलाह दी है. बिना काम के घरों से बाहर नहीं नकलने की अपील की गयी है.