केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बताई तेजस्वी यादव द्वारा जारी वीडियो की सच्चाई, 17 महीनों में विकास नहीं यह हुआ....
PATNA: बिहार की राजनीति गरमाई हुई है। वहीं आज सुबह सुबह तेजस्वी यादव ने एक वीडियो जारी कर सीएम नीतीश के 17 साल के कार्यकाल को अपने 17 महीने के कार्यकाल से चुनौती दी है। तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि उनके पास जब आधी शक्ति थी तो वह उन्होंने इतने कामों को किया। अगर उन्हें पूरी शक्ति मिल जाए तो बिहार की सूरत बदल देंगे। वहीं उनके इस वीडियो जारी करने के बाद से ही राज्य की राजनीति में संग्राम मच गया है। उनके इस वीडियो को लेकर भाजपा ने हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए कहा है कि वो क्या वीडियो जारी करेंगे 17 महीने में केवल बिहार में लूट-खसोट हुआ है।
दरअसल, राजद द्वारा जारी वीडियो को लेकर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि, तेजस्वी यादव का कारनामा पूरा बिहार जानता है। वो 17 महीने का वीडियो क्या जारी करेंगे, 17 महीनों में केवल लूट-खसोट हुआ था। लोगों पर अत्याचार किया गया, विधि व्यवस्था चौपट हुई, अपराधियों को संरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश तेजस्वी यादव के कारनामों से त्रस्त हो गए थे। जिसके कारण वह महागठबंधन को छोड़ एनडीए में आ गए। तेजस्वी यादव परिवारवाद के युवराज हैं वह क्या वीडियो जारी करेंगे।
वहीं एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि, सब ठीक है सब जल्द ही फाइनल हो गया है। एनडीए गठबंधन एक साथ है और एकजुट होकर बिहार के 40 की 40 सीट जीतने का काम करेगी। वहीं चिराग पासवान की नाराजगी को लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि, चिराग पासवान नाराज नहीं हैं। एनडीए में सब कुछ ठीक है और जल्द ही सीट का बंटवारा कर दिया जाएगा।
मालूम हो कि बीते दिन केंद्र की मोदी सरकार ने पूरे देश में CAA को लागू कर दिया है। वहीं इसे लेकर भारी विरोध भी चल रहा है। बंगाल, तमिलनाडु और केरल राज्य के सीएम ने अपने राज्यों में इसे लागू करने से मना कर दिया है। जिसे लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि कानून पूरे देश में लागू होगा। जो इस कानून का विरोध कर रहे हैं उनके अंदर की इंसानियत समाप्त हो चुकी है। उनके अंदर मानवता नहीं है। पड़ोसी देशों के प्रताड़ि नागरिकों को भारत की नागरिकता दी जाएगी। लेकिन विरोधियों के अंदर मानवता हीं नहीं बची है। वह केवल वोट के लिए इसका विरोध कर रहे हैं। विपक्ष तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं।