बोले उपेंद्र कुशवाहा - अभी आधी सत्ता मिली तो मुख्यमंत्री को ढाई घंटे तक इंजतार करवाया, पूरी मिलेगी तो क्या करेंगे, समझना आसान

ARARIA : भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक समता दल के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा विरासत बचाओ नमन यात्रा पर हैं और इसी कड़ी में मधुबनी से देर रात अररिया पहुंचे।जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध साहित्यकार फणीश्वरनाथ रेणु के गांव औराही हिंगना जाकर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में लगे यू के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हे नमन किया।मौके पर उन्होंने देर रात सभा को भी संबोधित किया।मौके पर उन्होंने कहा की बिहार सरकार गणित का खेल है और सरकार को गिराने की उनकी कोई रुचि नहीं।व्यक्तिगत तौर पर नीतीश कुमार का वह आज भी सम्मान करते हैं।चुनाव में जनता का जनादेश लेकर सरकार बनाना लक्ष्य है।

राजद के साथ गठबंधन पर फिर साधा निशाना

राजद के साथ गठबंधन को लेकर जदयू से किनारा कर चुके उपेंद्र कुशवाहा फिर से अपनी बात दोहराई।  उन्होंने कहा कि अभी बिहार में राजद का आधा राज है, तो यह हालत है कि पार्टी के विधायक, मंत्री लगातार जदयू के लोगों को नीचा दिखा रहे हैं। यहां तक कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को डिप्टी सीएम के आने के लिए ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। आज स्थिति यह है कि नीतीश कुमार सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री रह गए हैं। सारे फैसले डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ले रहे हैं।

भाजपा के साथ जाने पर यह कहा

भाजपा के साथ जाने को लेकर लग रहे कयासों को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह अभी तय नहीं किया है। आज के समय में कोई भी सरकार बिना गठबंधन के नहीं चल सकती है। यह वक्त के अनुसार बदलता है। खुद नीतीश कुमार लंबे समय तक भाजपा के साथ रहे। लालू प्रसाद भाजपा के सहयोग से मुख्यमंत्री बने। इसलिए आगे क्या होगा, इस पर अभी कुछ भी कहना सही नहीं है।