महेंद्र सिंह धोनी ने लिया IPL से संन्यास, चेन्नई सुपर किंग्स में अब निभाएंगे नई भूमिका

महेंद्र सिंह धोनी पहले आईपीएल सीजन यानी 2008 से ही चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े रहे। अब उन्होंने आईपीएल से सन्यास लेने की घोषणा की है. इसके साथ ही वे अब CSK के साथ नई भूमिका में नजर आएंगे

MS Dhoni - फोटो : news4nation

MS Dhoni :  भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के करीब छह साल बाद अब धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खिलाड़ी के तौर पर अपने सफर को भी विराम दे दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें आईपीएल 2027 से टीम का मेंटर नियुक्त करने का ऐलान किया है। यानी अब धोनी मैदान पर पीली जर्सी में खेलते नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम से खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते नजर आएंगे।  


चेन्नई सुपर किंग्स की सह-मालकिन रूपा गुरुनाथ ने धोनी की नई भूमिका को लेकर कहा कि वह मेंटर के तौर पर सीएसके परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उनका अनुभव और विशेषज्ञता टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, खासकर बदलाव के इस दौर में, जब टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि धोनी का मार्गदर्शन सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा। हालांकि, पीली जर्सी में उन्हें मैदान पर खेलते देखने की कमी हमेशा खलेगी।


2008 से शुरू हुआ था CSK के साथ सफर

महेंद्र सिंह धोनी पहले आईपीएल सीजन यानी 2008 से ही चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े रहे। बीच में दो साल तक फ्रेंचाइजी पर प्रतिबंध लगने के कारण उन्हें दूसरी टीम के लिए खेलना पड़ा, लेकिन सीएसके की वापसी के बाद वह फिर इसी टीम का हिस्सा बन गए। उनकी कप्तानी में चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में कुल पांच बार आईपीएल का खिताब जीता। धोनी ने टीम को दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब भी दिलाए।  


IPL में धोनी के नाम दर्ज हैं कई रिकॉर्ड

धोनी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मैच खेले और 5,439 रन बनाए। उनके नाम 24 अर्धशतक दर्ज हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उन्होंने 272 मैचों में 5,314 रन बनाए। वह फ्रेंचाइजी के लिए सबसे अधिक मैच खेलने वाले और दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।  


'धोनी के बिना CSK की कल्पना नहीं'

चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी धोनी के साथ अपने करीब दो दशक पुराने रिश्ते को याद किया। उन्होंने कहा कि धोनी के बिना सीएसके की कल्पना नहीं की जा सकती। वर्ष 2008 में धोनी को टीम से जोड़ने के अपने फैसले को उन्होंने सबसे बेहतर फैसलों में से एक बताया। श्रीनिवासन के मुताबिक, धोनी हमेशा सीएसके की पहचान का हिस्सा रहेंगे और यह टीम उनका घर है।  


2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा था अलविदा

धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 का टी20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। अब आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर उनकी विदाई के साथ क्रिकेट के एक यादगार अध्याय का अंत हो गया है। हालांकि, मेंटर के रूप में उनकी नई भूमिका सीएसके और उसके प्रशंसकों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है।