ट्रांसफर के बाद नई जगह ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे दारोगा को कूड़ा ढोनेवाले ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, हुई मौत

अलीगढ़ में ट्रांसफर के बाद नई पोस्टिंग पर जा रहे दरोगा वृषपाल सिंह की सड़क हादसे में मौत। कूड़ा ढोने वाले ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर। एसएसपी ने शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि।

N4N Desk - अलीगढ़ जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को शोक में डुबो दिया। अतरौली से लोधा थाने के लिए रवाना हुए दरोगा वृषपाल सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शहीद स्मारक पर एसएसपी सहित आला अधिकारियों ने उन्हें पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम विदाई दी।

हादसे का विवरण: कूड़ा ढोने वाले ट्रैक्टर ने मारी टक्कर


जानकारी के अनुसार, दरोगा वृषपाल सिंह का तबादला 3 अप्रैल को थाना लोधा के लिए हुआ था। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी बाइक पर घरेलू सामान लेकर अतरौली से लोधा जा रहे थे। इसी दौरान सासनी गेट चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। यह ट्रैक्टर 'अर्बन एनवायोटेक सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड' (नगर निगम का सब-कान्ट्रैक्टर) से जुड़ा बताया जा रहा है। गंभीर हालत में उन्हें शेखर सर्राफ मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया।

शहीद स्मारक पर 'शोक सलामी'

पोस्टमार्टम के बाद वृषपाल सिंह का पार्थिव शरीर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक लाया गया। यहाँ एसएसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर एसपी यातायात प्रवीण कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम मयंक पाठक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सेरिमोनियल गार्ड ने शोक सलामी देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।

परिवार में है 'अग्निवीर' पुत्र

मृतक वृषपाल सिंह के परिवार में पत्नी सीमा देवी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा राहुल निजी कॉलेज में शिक्षक है, जबकि छोटा बेटा आदर्श भारतीय वायुसेना में अग्निवीर के रूप में देश की सेवा कर रहा है। उनकी रिश्तेदार वंदना ने बताया कि वह पूरे परिवार के स्तंभ थे।

फरार चालक की तलाश तेज

हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। इंस्पेक्टर सासनीगेट राजीव सिंह परमार के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और नगर निगम के माध्यम से सब-कान्ट्रैक्टर के चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।