बेटे की शादी से पहले मां पर चढ़ा 21 साले के भांजे की आशिकी का भूत, जेवर और नगदी ले दोनों हुए फरार, पति परेशान हो पहुंचा थाने

एक माँ ने अपने ही बेटे के सिर पर सेहरा सजने से ठीक पहले ममता और मर्यादा की तमाम हदें पार कर दीं। 37 वर्षीय महिला अपने बेटे की शादी की तैयारियों को छोड़, अपने ही 21 साल के सगे भांजे के साथ फरार हो गई है।

N4N desk - : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक 37 वर्षीय महिला अपने बेटे की शादी से महज कुछ दिन पहले अपने 21 वर्षीय सगे भांजे के साथ फरार हो गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने भांजे सहित 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मायके से लौटते समय हुआ 'खेल'

प्रभारी निरीक्षक रवि चंद्रावल के अनुसार, पीड़ित पति ने तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी 25 जनवरी को मायके गई थी। वापस लौटते समय रास्ते में उसे उसका सगा भांजा विक्रम मिला। आरोप है कि विक्रम ने महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया। तब से महिला का कोई सुराग नहीं लगा है। पति ने जब भांजे के परिवार से संपर्क किया, तो उसे मदद के बजाय धमकियां मिलीं।

बेटे की शादी की खुशियों में पड़ा खलल

मामला तब और अधिक दुखद हो जाता है जब पता चलता है कि आगामी मार्च को महिला के बेटे की शादी तय है। घर में मंगल गीतों और तैयारियों का माहौल था, जो अब सन्नाटे और अपमान में बदल गया है। माँ के इस कदम ने न केवल परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को चोट पहुँचाई है, बल्कि दूल्हे के भविष्य और मानसिक स्थिति पर भी गहरा असर डाला है।

जेवर और एक लाख नगद लेकर चंपत

पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी ननिहाल पक्ष की ओर से शादी के लिए बनवाए गए कीमती जेवर (मंगलसूत्र, चेन, पायजेब, अंगूठी) और लगभग एक लाख रुपये नगद अपने साथ लेकर आ रही थी। भांजे पर आरोप है कि उसने इन्हीं सामानों और नगदी के लालच में या सोची-समझी साजिश के तहत महिला को अपने कब्जे में लिया है।

उम्र का बड़ा फासला और सामाजिक चर्चा

फरार हुई मामी (37 वर्ष) और भांजे (21 वर्ष) की उम्र में 16 साल का अंतर है। सगे रिश्तों के बीच इस तरह के घटनाक्रम ने ग्रामीणों को हतप्रभ कर दिया है। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जिससे पीड़ित परिवार भारी मानसिक और सामाजिक दबाव में है।

पुलिस की कार्रवाई और सर्विलांस का सहारा

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। महिला की लोकेशन ट्रेस करने के लिए उसका मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की सकुशल बरामदगी और चोरी हुए सामान की रिकवरी पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।