Government Employees: सरकारी कर्मचारियों को होली के पहले मिली बड़ी सौगात, सरकार ने इस प्रस्ताव को किया मंजूर
Government Employees: होली पर्व से पहले सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने फरवरी 2026 का वेतन और पेंशन समय से पहले जारी करने की अनुमति दे दी है। राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनरों को 28 फरवरी 2026 को ही वेतन और पेंशन का भुगतान किया जाएगा। सामान्यतः वेतन भुगतान मार्च की शुरुआत में होता है, लेकिन इस बार तिथियों में बदलाव किया गया है। यह फैसला उत्तर प्रदेश सरकार ने लिया है।
अवकाश के कारण लिया गया निर्णय
1 मार्च को सामान्य अवकाश और 2 मार्च को होलिका दहन के अवकाश के चलते नियमित भुगतान तिथि प्रभावित हो रही थी। इसे देखते हुए अग्रिम भुगतान का निर्णय लिया गया। इस संबंध में वित्त विभाग के वित्त (लेखा) अनुभाग-1 की ओर से शासनादेश जारी कर दिया गया है। शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश के कारण वेतन भुगतान की तिथि प्रभावित हो रही थी, इसलिए यह फैसला लिया गया।
कर्मचारियों में खुशी का माहौल
राज्यपाल की स्वीकृति के बाद यह निर्णय तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। समय से पहले वेतन और पेंशन मिलने की घोषणा के बाद राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों में खुशी का माहौल है। होली से पहले आर्थिक राहत मिलने से पर्व की तैयारियों में सहूलियत होगी। बता दें कि 4 मार्च को होली है ऐसे में होली के पहले कर्मचारियों के लिए यह बड़ी सौगात मानी जा रही है।
यूपी से आसिफ की रिपोर्ट