दहेज की उल्टी गंगा! वधू के पिता ने वर से कर दी बड़ी डिमांड, दूल्हे ने पकड़ा कान और बैरंग लौटी बरात

शादी की रस्मों के बीच लड़की के पिता ने विदाई के बदले दूल्हे के सामने बड़ी डिमांड रख दी। पैसे न मिलने पर पिता ने बेटी को भेजने से इनकार कर दिया और मामला थाने तक पहुँच गया।

N4N Desk -: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक शादी उस वक्त तमाशे में बदल गई जब दुल्हन के पिता ने विदाई के ऐन पहले दूल्हे पक्ष के सामने 'भैंस खरीदने' के लिए 20 हजार रुपये की अजीबोगरीब डिमांड रख दी। मांग पूरी न होने पर पिता ने बेटी को भेजने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बरात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

बड़ी बेटी प्रेमी संग फरार, छोटी के साथ तय हुई शादी

मामला सौरिख थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहाँ की एक युवती की शादी मैनपुरी के युवक से तय हुई थी। बरात आने से एक महीने पहले बड़ी बेटी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों को सौंपा, लेकिन वह दोबारा लापता हो गई। इसके बाद आनन-फानन में लड़की के पिता ने अपनी छोटी बेटी से युवक की शादी कराने का वादा किया और 21 फरवरी को बरात बुलाई गई।

न स्वागत की तैयारी, न विदाई का इरादा


जब दूल्हा पक्ष करीब 15 बारातियों के साथ पहुँचा, तो वहां स्वागत की कोई तैयारी नहीं थी। लड़की के पिता ने अचानक शादी करने से मना कर दिया और उल्टा पुलिस में शिकायत कर दी। मामला जब नादेमऊ चौकी पहुँचा, तो दूल्हे के पिता ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लड़की का पिता बरात लाने से पहले भैंस खरीदने के नाम पर 20 हजार रुपये मांग रहा था, पैसे न देने पर वह बिफर गया।

17 साल की निकली दुल्हन, पुलिस ने रुकवाई शादी

पुलिस की मौजूदगी में जब बातचीत शुरू हुई, तो मामला और पेचीदा हो गया। लड़के के पिता ने आरोप लगाया कि बड़ी बेटी के भागने के बाद जिस छोटी बेटी से शादी की बात हो रही है, उसकी उम्र महज 17 वर्ष है। दूल्हे पक्ष ने कानूनी कार्रवाई के डर से नाबालिग से शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की का पिता भी उम्र से संबंधित कोई पुख्ता दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

बिना कार्रवाई वापस लौटा दूल्हा पक्ष

चौकी प्रभारी देवी सहाय ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न करने का लिखित समझौता किया। आखिरकार, दूल्हा और उसके बाराती बिना दुल्हन लिए खाली हाथ वापस लौट गए।

पुलिस की चेतावनी: दोबारा शिकायत मिली तो जेल

नादेमऊ चौकी प्रभारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन लड़की की उम्र को लेकर संदिग्ध मामला होने के कारण नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा इस तरह की गैर-कानूनी शादी की कोशिश की गई या कोई शिकायत मिली, तो लड़की के पिता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।