मुकेश सहनी ने हाथ में गंगाजल लेकर निषाद आरक्षण का लिया संकल्प, 2027 से पहले मांग पूरी न होने पर सरकार को उखाड़ फेंकने की चेतावनी

वीआईपी सुप्रीमो व बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी इनदिनों यूपी में निषाद आरक्षण को लेकर काफी मुखर है। उन्होंने यूपी के प्रतापगढ़ में गंगाजल हाथ में लेकर निषाद आरक्षण की मांग संकल्प लेते प्रदेश की योगी सरकार को कड़ा अल्टीमेटम दिया है....

मुकेश सहनी को योगी सरकार को चेतावनी- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna/Lucknow : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का दौरा किया। इस दौरान प्रतापगढ़ पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने हाथ में गंगाजल लेकर निषाद आरक्षण की मांग को लेकर कड़ा संकल्प लिया।


30 नवंबर तक सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा अभियान

सहनी ने बताया कि यह अभियान प्रतापगढ़ के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 30 नवंबर तक गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। इस अभियान के तहत अबतक 4 से 5 लाख लोग संकल्प ले चुके हैं, और लगभग 50 लाख लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।


डॉ. संजय निषाद को अल्टीमेटम और सरकार पर कड़ा प्रहार

मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद का उल्लेख करते हुए उन्हें छह महीने का समय दिया है कि वे सरकार में रहकर आरक्षण का समाधान कराएं, अन्यथा विपक्ष की राजनीति करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 2027 से पहले निषाद आरक्षण लागू नहीं किया गया, तो सहनी समाज सरकार को उखाड़ फेंकेगा।


30 नवंबर के बाद तय होगी अगली राजनीतिक रणनीति

सहनी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान निषाद आरक्षण के इस जन-अभियान पर केंद्रित है। 30 नवंबर के बाद पार्टी इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति का निर्णय लेगी। इस अभियान के तहत तैयार किए जा रहे वीडियो को विभिन्न राजनीतिक दलों और प्रमुख नेताओं तक पहुंचाया जा रहा है ताकि इस मांग को राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर प्रमुखता मिल सके।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट