Prateek Yadav: मुलायम सिंह यादव के बेटे का अचानक निधन, पढ़िए सोशल मीडिया पर प्रतीक यादव के आखिरी पोस्ट से मौत तक की पूरी कहानी

Prateek Yadav:मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव के अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुए निधन ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। प्रतीप ने सोशल मीडिया पर जो अंतिम पोस्ट किया था उससे नई कहानी के तार जुड़ सकते हैं..

प्रतीक यादव का आखिरी पोस्ट- फोटो : X

Prateek Yadav: प्रतीक यादव के अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुए निधन ने राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव लंबे समय से मानसिक तनाव यानी डिप्रेशन से जूझ रहे थे और उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। हालांकि उनकी मौत के पीछे असली वजह क्या है, इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

सूत्रों के मुताबिक, मामले में जहर की आशंका को भी नजरअंदाजनहीं किया जा रहा है, जिसके चलते जांच एजेंसियों ने अब अपना दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस और संबंधित विभाग अब न केवल उनके संपर्क में रहे लोगों की जांच कर रहे हैं, बल्कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल गतिविधियों को भी गहराई से खंगाला जा सकता है।

प्रतीक यादव सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे। वह अक्सर अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करते थे, जिनमें उनके जीवनशैली, रोमांच और व्यक्तिगत अनुभव झलकते थे। उनकी पोस्ट्स से उनके मानसिक और भावनात्मक हालात का भी अंदाज लगाया जाता था।जानकारी के अनुसार, प्रतीक ने 3 अप्रैल को अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट की थी। इस पोस्ट में उन्होंने EA-300 विमान के कॉकपिट से एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह खुद विमान उड़ाते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो में वे उत्साहित मुद्रा में दिखे और उन्होंने अपने अनुभव को बेहद रोमांचक शब्दों में बयान किया था।

उन्होंने कैप्शन में लिखा था कि कैसे इंजन की गर्जना, आसमान का विस्तार और नियंत्रण की अनुभूति उन्हें एक अलग ही दुनिया में ले जाती है। उन्होंने इसे "एड्रेनालिन का सबसे शुद्ध रूप" बताया था। इस वीडियो में वह मुस्कुराते हुए, हाथ हिलाते हुए और पूरी उड़ान का आनंद लेते दिखाई दे रहे थे।

दिलचस्प बात यह है कि इसी तरह का एक और वीडियो उन्होंने 8 फरवरी 2026 को भी पोस्ट किया था, जिसमें वह आसमान में उड़ान का रोमांच महसूस कर रहे थे। माना जा रहा है कि इसी जुनून और थ्रिल के चलते उन्होंने बार-बार ऐसे वीडियो साझा किए।

उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। समाजवादी पार्टी प्रमुख और प्रतीक के भाई अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मीडिया से बातचीत में कहा कि जो भी कानूनी प्रक्रिया है, उसे पूरी तरह अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतीक एक अच्छा और शांत स्वभाव का युवक था, और उनका जाना बेहद दुखद है। जब उनसे आखिरी मुलाकात के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि लगभग दो महीने पहले मुलाकात हुई थी और तब भी उन्होंने प्रतीक को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी थी।

वहीं दूसरी ओर, इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।

प्रतीक यादव की मृत्यु के बाद उनके परिवार में भी गहरा शोक है। उनकी पत्नी अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। सपा कार्यालय में भी हलचल तेज हो गई है, और कई वरिष्ठ नेता वहां पहुंचकर स्थिति पर चर्चा कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि यह भी संभव है कि यह दवा के रिएक्शन, फूड पॉइज़निंग या किसी अन्य मेडिकल कारण से हुआ हो। अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

इस पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या यह सिर्फ एक मेडिकल इमरजेंसी थी या इसके पीछे कोई और कारण भी छिपा है? सोशल मीडिया पर उनकी आखिरी पोस्ट और गतिविधियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ मामले की जांच में जुटा हुआ है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। जनता और समर्थक दोनों ही इस असामयिक निधन से स्तब्ध हैं और न्यायिक व मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।