UP NEWS: ननद ने भाभी की सूनी गोद भरने के लिए 40 दिन की बच्ची का किया अपहरण
कानपुर: सोमवार को एक महिला ने बड़े चौराहा स्थित मुख्य डाकघर से 40 दिन की दुधमुंही बच्ची का अपहरण कर लिया। घटना के बाद बच्ची की मां फरहा नाज ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज चार घंटे में अपहरण करने वाली महिला को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद किया।
फरहा नाज अपनी बच्ची के साथ डाकघर में आधार कार्ड संशोधन के लिए गई थीं। बच्ची को गोद में लेकर फॉर्म भरने और उसका टॉयलेट साफ करने के दौरान, एक महिला ने मदद की पेशकश की और फरहा ने बच्ची को उसकी गोद में दे दी। इसी बीच, आरोपी महिला ने बच्ची को लेकर भागने का मौका देखा और फरहा के नजरों से बचते हुए बच्ची को बाहर की ओर ले गई। जब फरहा ने देखा कि महिला वहां नहीं है, तो वह घबराई और रोने लगी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और फरहा ने तुरंत परिवार को भी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर महिला का पता लगाया। पुलिस ने चमनगंज क्षेत्र में छापेमारी की और महिला की पहचान की। बाद में, पुलिस ने अफसाना नाम की आरोपी महिला को गिरफ्तार किया, जो चमनगंज में रहती थी। बच्ची भी सकुशल बरामद हो गई।
पूछताछ में अफसाना ने बताया कि उसके भाई और भाभी की कई सालों से संतान नहीं थी, और वह अपनी भाभी की सूनी गोद भरने के लिए इस घटना को अंजाम देने की योजना बना रही थी। उसने स्वीकार किया कि बच्चा चुराने की कोई साजिश नहीं थी, बल्कि वह सोच रही थी कि भाभी को बच्चा दे देगी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज की है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।