UP weather: लखनऊ से लेकर नोएडा तक होगी झमाझम बारिश, जानिए आपके जनपद में कब दस्तक दे रहा मानसून?
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने बताया है कि 17 से 20 जून के बीच प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है। अनुमान है कि 18 जून को गोरखपुर के रास्ते मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा। इससे पहले ही प्री-मानसून बारिश की शुरुआत होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लू से राहत मिलेगी।
लखनऊ से नोएडा तक बदला मौसम
रविवार को लखनऊ, नोएडा और आसपास के इलाकों में बारिश के कारण मौसम में बदलाव देखा गया। सोमवार को भी आसमान में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कुछ जगहों पर अब भी उमस बनी हुई है।
अगले 7 दिनों में गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह में प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट हो सकती है। लखनऊ समेत 51 जिलों में सोमवार को मौसम बदला-बदला रहेगा। इससे लू की स्थिति धीरे-धीरे खत्म हो रही है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने लगी है।
18 जून को आ सकता है मानसून
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर के रास्ते मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश की सामान्य तिथि 18 जून होती है, और इस बार भी उसी दिन इसके आने की संभावना है। अभी मानसून मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, पुरी और बालुरघाट तक पहुंच चुका है। अगले 3–4 दिनों में यह गुजरात, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा।
लखनऊ में रविवार को हल्की बारिश और बादल
लखनऊ में रविवार सुबह हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ फुहारें पड़ीं। दिन भर बादल और धूप के बीच खेल चलता रहा, जिससे उमस बनी रही। हालांकि, अधिकतम तापमान 39.9°C और न्यूनतम 26.2°C दर्ज किया गया, जो पहले की तुलना में थोड़ा कम रहा।
प्री-मानसून ने दी राहत
अमौसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में वायुमंडलीय चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्री-मानसून बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। अब लू की स्थिति केवल दक्षिण-पूर्वी इलाकों तक सिमट गई है।
बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 18 जून से भारी बारिश की शुरुआत के साथ बादलों की गरज और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। रविवार सुबह लखनऊ के फैजुल्लागंज में ताड़ के पेड़ पर बिजली गिरी, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।