आरक्षण के मुद्दे पर सड़क पर उतरेगी VIP: सहारनपुर पहुंचे मुकेश सहनी, फूंका चुनावी बिगुल
बिहार के पूर्व मंत्री व वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने यूपी में निषाद समाज के आरक्षण को लेकर सड़क पर उतरने का एलान किया है। उन्होंने निषाद समाज को आरक्षण देने की मांग को लेकर यूपी की योगी सरकार को सीधे-सीधे अल्टीमेटम दिया है...
UP/Patna : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी सोमवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर पहुंचे। जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की समीक्षा की और मीडिया को संबोधित करते हुए निषाद समाज के आरक्षण तथा उत्तर प्रदेश की राजनीति पर तीखा हमला बोला।
101 दिवसीय 'निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा' का ऐलान, हाथ में गंगाजल लेकर लेंगे शपथ
मुकेश सहनी ने घोषणा की कि वीआईपी जल्द ही पूरे उत्तर प्रदेश में 101 दिवसीय "निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा" शुरू करने जा रही है। इस यात्रा के तहत निषाद, मल्लाह, कश्यप और बिंद सहित समाज की 22 उपजातियों के लोग हाथ में गंगाजल लेकर संकल्प लेंगे कि "2027 से पहले आरक्षण दो, नहीं तो भाजपा को वोट नहीं देंगे"। उन्होंने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं बल्कि समाज के हक और अधिकार की निर्णायक लड़ाई है।
डॉ. संजय निषाद पर साधा निशाना: 'या तो आरक्षण दिलाएं या भाजपा का साथ छोड़ें'
निषाद विकास संघ और डॉ. संजय निषाद पर हमला बोलते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि जो कभी समाज के लिए आंदोलन करते थे, वे आज सत्ता का सुख भोग रहे हैं। उन्होंने कहा कि संजय निषाद को आरक्षण दिलाने के लिए छह महीने का समय दिया गया था, जिसमें से तीन महीने बीत चुके हैं। यदि वे आरक्षण नहीं दिला सकते तो भाजपा छोड़ दें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर संजय निषाद भाजपा छोड़ते हैं तो उन्हें 'इंडिया' गठबंधन में लाने के लिए वे सपा और कांग्रेस नेतृत्व से बात करेंगे।
धर्म की राजनीति कर रही है भाजपा, वीआईपी लड़ेगी सामाजिक न्याय की लड़ाई
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए वीआईपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें धर्म और भावनाओं की राजनीति कर युवाओं, किसानों तथा पिछड़ों के मुख्य मुद्दों की अनदेखी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय और जाति आधारित जनगणना की मांग का पूरा समर्थन करती है। सहनी ने स्पष्ट किया कि समाज के संवैधानिक अधिकारों के लिए उनका यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
2 नवंबर के बाद बनेगी आगामी चुनावी रणनीति, फिलहाल आंदोलन प्राथमिकता
मुकेश सहनी ने बताया कि आगामी 2 नवंबर के बाद उत्तर प्रदेश में पार्टी की चुनावी रणनीति पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल संगठन का विस्तार और निषाद समाज का आरक्षण आंदोलन ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता अब बदलाव चाहती है और 'इंडिया' गठबंधन के साथ मिलकर वीआईपी सामाजिक न्याय की विचारधारा को और मजबूत करेगी।
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट