कांवड़ मेला 2026: पहली बार तैनात होंगे साइबर कमांडो, AI और अफवाहों पर रहेगी नजर
कांवड़ मेला 2026: सुरक्षा में पहली बार बड़ा बदलाव! 30 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तराखंड पुलिस पहली बार 'साइबर कमांडो' तैनात करने जा रही है।
उत्तराखंड पुलिस ने आगामी हरिद्वार कांवड़ मेला 2026 की सुरक्षा व्यवस्था में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। 30 जुलाई से शुरू होने जा रहे इस विशाल धार्मिक आयोजन में सुरक्षा के लिहाज से पहली बार विशेष 'साइबर कमांडो' की तैनाती की जाएगी। यह साइबर टीम इंटरनेट और सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों, फर्जी खबरों और भ्रामक जानकारियों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखेगी ताकि मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।
एआई और सोशल मीडिया से उपजते खतरों से निपटने की तैयारी
प्रशासन ने यह फैसला हाल के दिनों में सोशल मीडिया के जरिए तेजी से फैलती अफवाहों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए जा रहे आपत्तिजनक कंटेंट के बढ़ते खतरों को देखते हुए लिया है। पुलिस का मानना है कि इतने बड़े आयोजन के दौरान कोई भी भड़काऊ या फर्जी पोस्ट कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा संकट खड़ी कर सकती है। साइबर कमांडो की टीम फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर बनाए रखेगी।
अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
यदि सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक, भड़काऊ या फर्जी सामग्री पाई जाती है, तो साइबर कमांडो उसे तुरंत डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटवाने का काम करेंगे। इसके साथ ही, इस तरह का फर्जी और आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट करने या प्रसारित करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी और एसएसपी ने दी जानकारी
कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर हरिद्वार प्रेस क्लब में एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मेले से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेला राज्य के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है और इसे शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सभी वर्गों के साथ लगातार समन्वय और संवाद बना रहा है।
यातायात और भीड़ नियंत्रण के साथ साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा खाके की जानकारी देते हुए बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, रूट डायवर्जन और सुगम यातायात के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि इस बार पारंपरिक सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साइबर सुरक्षा पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा, ताकि कांवड़ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।