उत्तराखंड में मॉनसून की धमाकेदार एंट्री: रुद्रप्रयाग में नदियां खतरे के निशान के पास, बदरीनाथ नेशनल हाईवे बंद
उत्तराखंड में मॉनसून की धमाकेदार इंट्री के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में जन-जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और दोनों नदियां खतरे निशान के करीब पहुंच गई है..
Uttarakhand : उत्तराखंड में मॉनसून की धमाकेदार एंट्री के साथ ही राज्य के सभी हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। खासकर पहाड़ी जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और दोनों नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
चेतावनी के स्तर के करीब पहुंची नदियां
रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) ने बताया कि ऊपरी हिमालयी इलाकों में हो रही लगातार बारिश के कारण नदियों का बहाव बढ़ गया है। फिलहाल जलस्तर समुद्र तल से 622 मीटर ऊपर है, जबकि चेतावनी का स्तर 626 मीटर और खतरे का स्तर 627 मीटर निर्धारित है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का यही सिलसिला जारी रहा, तो नदियां खतरे के निशान को पार कर सकती हैं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष पल-पल बदलते जलस्तर पर कड़ी नजर रख रहा है।
तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों से प्रशासन की अपील
बदलते हालातों को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले स्थानीय निवासियों और चारधाम यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि जब तक कोई जरूरी काम न हो, लोग नदी के किनारों, घाटों या अन्य जोखिम वाले संवेदनशील इलाकों में जाने से बचें।
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर 50 मीटर तक फैला मलबा, मार्ग अवरुद्ध
भारी बारिश के कारण बदरीनाथ नेशनल हाईवे (NH-07) गुलाबकोटी के पास सड़क धंसने और भारी मलबा आने की वजह से पूरी तरह बंद हो गया है। बुधवार देर रात करीब 2 बजे पगनो गांव की ओर से आए एक भारी बरसाती नाले के कारण सड़क पर 50 मीटर से अधिक हिस्से में भारी मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर (चट्टानें) फैल गए हैं। संबंधित विभागों द्वारा हाईवे को खोलने का काम युद्ध स्तर पर जारी है, लेकिन लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण काम में रुकावट आ रही है।
मौसम विभाग का अलर्ट: कई जिलों में 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रुद्रप्रयाग जिले में 4 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। वहीं, हरिद्वार, उत्तरकाशी और चमोली जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।