WB News : कोलकाता में जनसेवा फाउंडेशन ने सेवा संकल्प अभियान का किया आयोजन, हजारों जरूरतमंदों के बीच बांटे गए वस्त्र, राशन और बैग
WB News : कोलकाता नगर निगम के वार्ड 66 में जनसेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में गोलतालाब के पास मो.इंतेजार के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के तहत हजारों लोगों को वस्त्र,राशन और बैग वितरित किया गया
KOLKATA : कोलकाता नगर निगम के वार्ड संख्या 66 स्थित गोलतालाब के पास जनसेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य 'सेवा संकल्प अभियान' का आयोजन किया गया। मो. इंतेजार के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के हजारों असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र, खाद्य राशन सामग्री और बैग का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री उमेश राय उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह उर्फ़ छोटू सिंह ने शिरकत की। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ और दिग्गज नेताओं ने भी मंच साझा कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
अभियान का औपचारिक शुभारंभ करते हुए मंत्री उमेश राय ने आयोजक मो. इंतेजार की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी अल्पसंख्यक बहुल वार्ड में इतना ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित सेवा कार्यक्रम पहले कभी नहीं देखा गया, जहां सुबह से ही हजारों की संख्या में लोग राहत सामग्री प्राप्त करने पहुंचे हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रवींद्र सिंह दीपक, परमेश्वर सिंह, राजीव सिंह, कमलेश सिंह और करीम खान सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने जनसेवा फाउंडेशन के इस मानवीय और सामाजिक प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम के सफल समापन पर संयोजक मो. इंतेजार ने दूर-दराज से आए सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट जनों और कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगे भी समाज के वंचित वर्ग के उत्थान के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।