Suvendu Adhikari PA murder: शुभेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में बड़ा फैसला,हत्याकांड की जांच अब CBI के हवाले

Suvendu Adhikari PA murder: शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब CBI करेगी। यूपी और बिहार से तीन शार्पशूटर गिरफ्तार किए गए हैं।

बंगाल में चर्चित मर्डर केस की जांच तेज- फोटो : social media

Suvendu Adhikari PA murder: केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अपने हाथ में ले ली है। सीबीआई ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। एजेंसी ने इस मामले कीजांच के लिए डीआईजी स्तर के अधिकारी की अगुवाई में सात सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश की थी। अब केंद्रीय एजेंसी ने औपचारिक रूप से राज्य पुलिस से जांच का जिम्मा संभाल लिया है।

यह मामला उस समय और गंभीर हो गया जब उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT ने पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद तीनों को पश्चिम बंगाल लाकर उत्तरी 24 परगना जिले की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 13 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

हमलावर पश्चिम बंगाल के बाहर के थे

जांच अधिकारियों के मुताबिक यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर पश्चिम बंगाल के बाहर के थे। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस, डिजिटल ट्रैकिंग और दूसरी जानकारियों की मदद से उत्तर प्रदेश और बिहार में छापेमारी की थी, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जांच में क्या आया सामने?

जांच में सामने आया है कि चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रास्ते में रोका गया था। इसी दौरान उनका पीछा कर रही दो मोटरसाइकिलों में से एक बाइक उनकी कार के पास पहुंची। बाइक पर बैठे हमलावर ने बेहद करीब से करीब 10 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गए। अब सीबीआई इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी और यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि हत्या के पीछे किसका हाथ था और इसकी साजिश कहां रची गई।