भाजपा विधायक 5 लाख घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार, 11 लाख रुपए की मांगी थी रिश्वत, ऐसे पकड़ाएं

N4N Desk: लोकायुक्त पुलिस ने शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रू लमानी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ दो सहयोगियों मंजुनाथ वाल्मीकि और गुरुनायक को भी हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई एक सिंचाई परियोजना से जुड़े कथित रिश्वत मामले में

रिश्वत लेते बीजेपी विधायक धराएं - फोटो : social media

N4N Desk: भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। भ्रष्ट अधिकारियों को पकड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने भाजपा विधायक को 5 लाख रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। विधायक जी ने 11 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी और पहली किस्त के रुप में 5 लाख रुपए ले रहे थे तभी वहां लोकायुक्त पुलिस पहुंच गई और रंगे हाथों विधायक जी को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, पूरा मामला कर्नाटक का है। जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस ने शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रू लमानी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है आरोप?

उनके साथ दो सहयोगियों मंजुनाथ वाल्मीकि और गुरुनायक को भी हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई एक सिंचाई परियोजना से जुड़े कथित रिश्वत मामले में जाल बिछाकर की गई। मामला गदग जिले के चिंचली गांव से जुड़ा है। प्रथम श्रेणी के ठेकेदार विजय पुजारी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि लघु सिंचाई विभाग के तहत सड़क किनारे रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) निर्माण कार्य को सुचारू रखने और बिल भुगतान में सुविधा देने के बदले विधायक ने 11 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।

मुख्यमंत्री का सख्त बयान 

लोकायुक्त अधिकारियों ने शिकायत के आधार पर ट्रैप ऑपरेशन किया और आरोप है कि 5 लाख रुपये की पहली किस्त स्वीकार करते समय विधायक और उनके सहयोगियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री  सिद्धारमैया ने कहा कि लोकायुक्त ने विधायक को रंगे हाथों पकड़ा है और जांच में किसी प्रकार की बाधा नहीं डाली जाएगी। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी तंज कसते हुए कहा कि भाजपा खुद को ईमानदारी का प्रतीक बताती है, अब इस मामले पर उसका क्या रुख होगा।

गिरफ्तारी के बाद भारी बवाल 

वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र  ने कहा कि तथ्यों की पुष्टि के बाद ही विस्तृत प्रतिक्रिया दी जाएगी। भाजपा प्रवक्ता अशोक गौड़ा ने कांग्रेस सरकार पर पलटवार करते हुए इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही गदग में विधायक के समर्थक सड़कों पर उतर आए। उन्होंने इस कार्रवाई को साजिश बताते हुए कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। फिलहाल लोकायुक्त पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।