US Midterm Election: चुनाव में हार के बाद ट्रंप की टीम में भूचाल! हेगसेथ की कुर्सी पर संकट, रूबियो और सर्जियो गोर पर भी नजर

US Midterm Election: अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद ट्रंप प्रशासन में फेरबदल की चर्चा तेज है। पीट हेगसेथ, मार्को रूबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को लेकर क्या अटकलें हैं, जानें।

US Midterm Election: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में संभावित बदलावों की चर्चा तेज हो गई है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत हासिल किया है। इस हार के बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।


मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान युद्ध को रिपब्लिकन पार्टी की हार की एक वजह माना जा रहा है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी सोशल मीडिया पर कहा कि पार्टी की हार की वजह युद्ध था। ऐसे में रक्षा विभाग के नेतृत्व में बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से हेगसेथ को हटाने की संभावना से इनकार किया है।


ईरान युद्ध के कारण पीट हेगसेथ पर उठे सवाल


सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव में हार के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सलाहकारों से बातचीत के दौरान पूछा कि क्या पीट हेगसेथ को रक्षा मंत्री के पद पर बने रहना चाहिए। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ट्रंप ने उन्हें हटाने का कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। कुछ अधिकारियों का मानना है कि ईरान युद्ध को लेकर रक्षा मंत्री के साथ-साथ अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन की भूमिका पर भी सवाल उठ सकते हैं। युद्ध को लेकर उनकी सलाह और फैसलों की अमेरिकी संसद में जांच की मांग तेज होने की आशंका है।


रॉन डीसैंटिस बन सकते हैं हेगसेथ के उत्तराधिकारी


रिपोर्टों में फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसैंटिस का नाम भी पीट हेगसेथ के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर सामने आया है। सीबीएस न्यूज के सूत्रों के मुताबिक, डीसैंटिस को रक्षा मंत्री बनाने के विकल्प पर चर्चा हुई है। बताया जा रहा है कि डीसैंटिस का गवर्नर के रूप में कार्यकाल 5 जनवरी 2027 को पूरा होगा। इससे पहले उन्हें सीनेट की मंजूरी मिल सकती है और कार्यकाल पूरा होने के बाद वह रक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। हालांकि, यह अभी केवल मीडिया रिपोर्टों में सामने आई संभावना है।


हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की मांग


मध्यावधि चुनाव से पहले भी डेमोक्रेटिक सांसद पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में कांग्रेस की मंजूरी नहीं ली गई। चुनाव के बाद डेमोक्रेट्स को दोनों सदनों में बहुमत मिलने से रक्षा मंत्री के खिलाफ जांच और राजनीतिक दबाव बढ़ सकता है। सीबीएस न्यूज के मुताबिक, ईरान युद्ध को लेकर सैन्य नेतृत्व की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। हालांकि, किसी भी अधिकारी को पद से हटाने या महाभियोग की कार्रवाई शुरू होने को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।


मार्को रूबियो की जगह सर्जियो गोर के नाम की चर्चा


ट्रंप प्रशासन में संभावित फेरबदल को लेकर विदेश मंत्री मार्को रूबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के नाम भी चर्चा में हैं। 'द वॉशिंगटन सन' की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के करीबी माने जाने वाले गोर का नाम विदेश मंत्री, व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ और विदेश विभाग में दूसरे वरिष्ठ पदों के लिए सामने आया है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि कुछ अधिकारी मानते हैं कि रूबियो भविष्य में राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी के लिए प्रशासन छोड़ सकते हैं। हालांकि, रूबियो की ओर से पद छोड़ने की कोई घोषणा नहीं की गई है।


सर्जियो गोर ने खबरों को किया खारिज


सर्जियो गोर ने अपने लिए किसी दूसरे पद की चर्चा को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मार्को रूबियो एक योग्य और उपलब्धियों वाले विदेश मंत्री हैं और उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। गोर ने यह भी कहा कि उन्हें किसी दूसरे पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। व्हाइट हाउस और विदेश विभाग के अधिकारियों ने भी इन खबरों को अफवाह बताया है। उनका कहना है कि रूबियो और गोर के बीच अच्छे संबंध हैं और गोर किसी दूसरे पद की मांग नहीं कर रहे हैं।


ट्रंप ने हेगसेथ को हटाने से किया इनकार


प्रशासन में फेरबदल की चर्चाओं के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में पीट हेगसेथ का बचाव किया। उनसे पूछा गया कि क्या वह रक्षा मंत्री को हटाने पर विचार कर रहे हैं। इस पर ट्रंप ने कहा, "नहीं, मुझे लगता है कि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।"जब उनसे पूछा गया कि क्या हेगसेथ टेनेसी की खाली होने वाली सीनेट सीट पर जा सकते हैं, तो ट्रंप ने कहा कि अगर वह ऐसा करते हैं तो वह वहां काफी लोकप्रिय होंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने इस तरह की किसी योजना के बारे में नहीं सुना है।


व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने भी बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति को हेगसेथ पर पूरा भरोसा है। उन्होंने ईरान और वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य अभियानों का बचाव किया। फिलहाल ट्रंप प्रशासन में संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं जारी हैं। पीट हेगसेथ, मार्को रूबियो या किसी अन्य बड़े अधिकारी को हटाने का कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।