Pakistani Cream: पाकिस्तान की गोरी क्रीम में मिला खतरनाक मरकरी और लेड! किडनी से दिमाग तक पर पड़ सकता है असर, भारत में भी अलर्ट
Pakistani Cream: पाकिस्तान की गोरी ब्यूटी क्रीम में मरकरी और लेड जैसे हानिकारक तत्व मिलने की खबर है। जानें कैसे यह क्रीम किडनी, दिमाग और त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है।
Pakistani Cream: चेहरे को गोरा और चमकदार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली क्रीम सेहत के लिए खतरा बन सकती है। पाकिस्तान में बनी 'गोरी ब्यूटी क्रीम' को लेकर भारत में चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस क्रीम की जांच में मरकरी (पारा) और लेड (सीसा) जैसे हानिकारक तत्व मिले हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से किडनी, दिमाग और नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुंच सकता है।
क्रीम में मरकरी की मात्रा तय सीमा से 5 हजार गुना ज्यादा
इस क्रीम को लेकर सबसे बड़ी चिंता इसमें मिली मरकरी की मात्रा है। रिपोर्ट के अनुसार, लैब जांच में क्रीम में मरकरी की मात्रा 5 हजार पार्ट्स प्रति मिलियन (PPM) पाई गई। जबकि कॉस्मेटिक उत्पादों में इसकी तय सीमा 1 PPM से कम बताई गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, मरकरी त्वचा के जरिए शरीर में पहुंच सकता है। यह त्वचा में मेलानिन बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है। मेलानिन त्वचा के रंग को तय करने वाला तत्व है। इसके कारण त्वचा का रंग हल्का दिख सकता है, लेकिन इसका इस्तेमाल सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
भारत के कई राज्यों में बिकने की खबर
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में बनी यह क्रीम महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत भारत के कई इलाकों में बेची जा रही है। यह स्थानीय दुकानों के साथ ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध बताई जा रही है। इसकी कीमत करीब 380 से 800 रुपये के बीच बताई गई है। भारत में पाकिस्तान से आने वाले सामान के आयात पर प्रतिबंध के बावजूद यह क्रीम बाजार तक कैसे पहुंच रही है, इसकी जांच की जा रही है।
18 महिलाओं की किडनी में परेशानी के बाद लगा प्रतिबंध
रिपोर्ट में बताया गया है कि महाराष्ट्र में 18 महिलाओं को किडनी से जुड़ी परेशानी होने के बाद इस क्रीम पर प्रतिबंध लगाया गया था। जांच में सामने आया कि ये सभी महिलाएं गोरी ब्यूटी क्रीम का इस्तेमाल कर रही थीं।इसके बाद क्रीम के नमूनों की जांच की गई, जिसमें हानिकारक धातुओं की मौजूदगी का पता चला। इस मामले ने कॉस्मेटिक उत्पादों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
न्यूजीलैंड और फिलीपींस में भी जारी हुई चेतावनी
इस क्रीम को लेकर दूसरे देशों में भी चेतावनी जारी की जा चुकी है। साल 2021 में न्यूजीलैंड की दवा नियामक संस्था मेडसेफ ने गोरी के कुछ उत्पादों के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी थी। वहीं, साल 2025 में फिलीपींस की FDA ने भी ब्रांड के कुछ उत्पादों की सुरक्षा और जरूरी मंजूरी को लेकर चिंता जताई थी।
किडनी और दिमाग पर पड़ सकता है असर
मरकरी और लेड जैसे तत्वों के लंबे समय तक संपर्क में रहने से शरीर को गंभीर नुकसान हो सकता है। इससे त्वचा में जलन, खुजली, लालिमा और त्वचा पतली होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।मरकरी का असर किडनी और नर्वस सिस्टम पर पड़ सकता है। वहीं, लेड दिमाग और शरीर के दूसरे जरूरी अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग ऐसी क्रीम का इस्तेमाल न करें। कोई भी कॉस्मेटिक खरीदने से पहले उसके निर्माता का नाम, सामग्री, बैच नंबर और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें।