‘समोसा जाएगा तेल में, ज्ञानू को भेजो जेल में', SIR के विरोध में लोकभवन मार्च में बवाल, पुलिस वाहन की चाबी लेकर भागा छात्र

प्रदर्शनकारी छात्र SIR प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकभवन की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए जेपी गोलंबर के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की थी।

Patna SIR Protest
Patna SIR Protest - फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना में मंगलवार को SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। लोकभवन मार्च के लिए गांधी मैदान से निकले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।


प्रदर्शनकारी छात्र SIR प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकभवन की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए जेपी गोलंबर के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की थी। लेकिन छात्र बैरिकेडिंग हटाकर आगे निकल गए और डाकबंगला की दिशा में बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और उन्हें हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू की।


पुलिस वाहन की चाबी लेकर भागा छात्र

प्रदर्शन के दौरान उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब हिरासत में लिए गए छात्रों को ले जाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पुलिस की गाड़ी की चाबी लेकर एक छात्र भाग निकला। इसके बाद पुलिस को प्रदर्शनकारियों को ले जाने के लिए दूसरी बस बुलानी पड़ी। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी छात्राओं को भी पकड़कर ले जाते दिखाई दिए। छात्राओं को खींचकर हिरासत में लिए जाने को लेकर भी मौके पर तनाव का माहौल रहा। पुलिस की कार्रवाई के बीच हिरासत में लिए गए एक छात्र ने कहा कि वे लोग डरने वाले नहीं हैं और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।


पोस्टर और नारों से जताया विरोध

प्रदर्शन में शामिल छात्र अपने साथ कई तरह के पोस्टर लेकर पहुंचे थे। पोस्टरों पर लिखे नारों के जरिए चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के प्रति नाराजगी जाहिर की गई। एक पोस्टर पर लिखा था, ‘टियर गैस की व्यवस्था नहीं है?’ वहीं, दूसरे पोस्टर पर भोजपुरी अंदाज में लिखा था, ‘तोहर कुर्सी उड़ा देब प्रोटेस्ट से।’ एक अन्य पोस्टर पर लिखा था, ‘समोसा जाएगा तेल में, ज्ञानू को भेजो जेल में।’ इन नारों के जरिए प्रदर्शनकारी SIR प्रक्रिया का विरोध करने के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।


SIR के विरोध में लोकभवन मार्च, पुलिस ने रोका रास्ता

छात्रों का मार्च गांधी मैदान से शुरू हुआ था। प्रदर्शनकारी लोकभवन पहुंचकर अपनी मांगों को सामने रखना चाहते थे। लेकिन जेपी गोलंबर के पास पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण मार्च को रोकने की कोशिश की गई। छात्रों के बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में ले लिया।


प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने साफ कहा कि वे पुलिस की कार्रवाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं। SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए इस प्रदर्शन के कारण पटना में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई।