भीषण अग्निकांड में उजड़ गया पूरा परिवार, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, 24 घर जलकर राख
आग गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे पारसी-पारलो कस्बे में लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में कम से कम 24 घर प्रभावित हुए हैं। इनमें 19 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए
Fire Incident : एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत होने की घटना अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में हुई। गुरुवार तड़के भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। बच्चों में दो बेटे और एक बेटी है। वहीं, महिला का पति अब भी लापता है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, आग गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे पारसी-पारलो कस्बे में लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में कम से कम 24 घर प्रभावित हुए हैं। इनमें 19 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पांच अन्य मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
जिला उपायुक्त चीचुंग चुखू ने बताया कि महिला और उसके तीन बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि उसका पति लापता है। उन्होंने कहा कि अभी नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इसके बाद ही आग से हुई कुल क्षति का सही पता चल सकेगा। उन्होंने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया।
रसोई से आग लगने की आशंका
आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग किसी घर की रसोई से शुरू हुई होगी। इसके बाद आग तेजी से आसपास के मकानों तक फैल गई और देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय कोलोरियांग से अधिकारियों की एक टीम गुरुवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची। टीम राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही है।
फायर स्टेशन नहीं होने से बढ़ा नुकसान
इस हादसे ने दूरदराज के पारसी-पारलो कस्बे में अग्निशमन सुविधाओं की कमी को भी उजागर कर दिया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कस्बे में अपना कोई फायर स्टेशन नहीं है। यहां से करीब 38 किलोमीटर दूर कोलोरियांग में अग्निशमन वाहन उपलब्ध है, लेकिन बताया जा रहा है कि वह समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका।
आग तेजी से फैलने के कारण समय पर अग्निशमन सहायता नहीं मिल पाना नुकसान बढ़ने की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है तथा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।